
पराली के धुएं से दूसरे दिन भी नहीं मिली राहत
अभी जारी हैं जिले में धुआं फेंकते कारखाने
मास्क लगाकर ही लोग निकल रहे घरों से
धौलपुर. धौलपुर पहुंचा पंजाब, हरियाणा व उत्तर प्रदेश में जलाई जा रही पराली के धुएं का प्रभाव शुक्रवार को भी जिले में महसूस किया गया। इससे समूचे जिले में कोहरे के से हालात शुक्रवार को भी पूरे दिन बने रहे। पराली के धुएं से आसमान में शुक्रवार को भी दिन भर बादल से छाए रहना प्रतीत हुआ। उधर शहर में चल रहे विभिन्न कबाड़ा गोदामों पर कचरे के साथ रबड़, प्लास्टिक व अन्य रासायनिक पदार्थों को जला कर जिले के वायुमण्डल को अधिक प्रदूषित कर दिया। पराली के धुएं के प्रभाव को देखते हुए दिल्ली सहित अनेक स्थानों पर अनेक कारखानों व क्रेशरों को अग्रिम आदेशों तक अस्थाई रूप से बंद करने के आदेश दिए हुए हैं, लेकिन जिले में भी ऐसे ही हालात होने के बावजूद धुआं फैंकते जिले के कारखाने बदस्तूर जारी हैं। इस प्रदूषण से बच्चों को बचाने के लिए दिल्ली सहित अनेक स्थानों पर विद्यालयों में भी अवकाश घोषित किए हुए हैं लेकिन धौलपुर में इससे बढ़ता प्रदूषण अभी शायद प्रशासन को अपना अहसास कराने में नाकाम रहा है। जिले में स्कूल जाते छोटे बच्चों सहित अधिकतर लोग इससे बचने के लिए अपने मुहं पर मास्क लगा कर ही घरों से निकल रहे हैं। पंजाब, हरियाणा व उत्तर प्रदेश के खेतों में जलाई जा रही पराली का धुआं गत दिनों उत्तर भारत में चली हवाओं के साथ धौलपुर तक पहुंच गया। इसके चलते शुक्रवार को भी हाइवे पर अदृश्यता बरकरार रही। धौलपुर शहर में शुक्रवार को भी इसके चलते अनेक लोगों को आंखों में जलन महसूस हुई व सांस लेने में परेशानी हुई। उधर जिले में शुक्रवार को सुबह तेज हवा चलने से इसका प्रभाव कुछ कम होने लगा था लेकिन दोपहर बाद हवा बंद होते ही इसका प्रभाव बढऩे लगा। आसमान में छाए इस धुएं से बनी अदृश्यता के चलते शुक्रवार को भी हाइवे पर वाहनों की रफ्तार नहीं बढ़ पाई।
Published on:
16 Nov 2019 11:48 am
बड़ी खबरें
View Allधौलपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
