
बजरी माफिया का तांडव: महिला को कुचला, एसपी की गाड़ी को टक्कर मारने की कोशिश....देखें वीडियो
बजरी माफिया का तांडव: महिला को कुचला, एसपी की गाड़ी को टक्कर मारने की कोशिश....देखें वीडियो
- मनियां के पास बजरी से भरे ट्रेक्टर-ट्रॉली से कुचल कर महिला की मौत
- मचकुंड रोड पर परशुराम धर्मशाला के पास एसपी-बजरी माफिया का आमना-सामना
- एसपी ने पीछा कर बरैलापुरा के पास पकड़े दो ट्रेक्टर, एक गिरफ्तार
- शुक्रवार को भी हुए थे दो हादसे, गई थी एक जान
- धडल्ले से जारी है चंबल बजरी का अवैध उत्खनन और परिवहन
Gravel Mafia news dholpur: धौलपुर. धौलपुर में बजरी माफिया का तांडव और पुलिस की लापरवाही दोनों बदस्तूर जारी हैं। इसका खामियाजा आम लोगों को अपने जान-माल से चुकाना पड़ रहा है। मनियां के पास बजरी के अवैध परिवहन में शामिल एक ट्रेक्टर-ट्रॉली की टक्कर से एक महिला की मौत हो गई। वहीं, मचकुंड रोड पर एक कार्यक्रम में हिस्सा लेने जा रहे पुलिस अधीक्षक का बजरी माफिया से आमना-सामना हो गया। रोकने का प्रयास करने पर बजरी माफिया ने एसपी की गाड़ी को टक्कर मारने की कोशिश की। इसके बाद खुद एसपी ने करीब दस-बारह किलोमीटर पीछा कर दो ट्रेक्टर-ट्रॉली को पकड़ा। एक बजरी माफिया को भी दबोच लिया गया। बता दें, शुक्रवार को भी सैंपऊ के पास एक युवक को बजरी परिवहन के ट्रेक्टर-ट्रॉली ने कुचल दिया था। हादसे में युवक की मौत हो गई थी।
मंदिर दर्शन कर आ रही महिला को कुचला
मनियां के पास लाठवाली माता मंदिर से दर्शन कर पैदल अपने गांव ईन्छापुरा लौट रही एक महिला को बजरी के अवैध परिवहन में लिप्त ट्रेक्टर-ट्रॉली ने कुचल दिया। हादसे में महिला की मौके पर ही मौत हो गई। महिला के परिजन ने बताया कि नौनी, जगनेर आगरा उत्तर प्रदेश निवासी कविता (25) पत्नी उपेन्द्र सिंह अपने पीहर ईन्छापुरा गांव आई हुई थी। शनिवार को वह अक्षय तृतीया पर लाठवाली माता के मंदिर पर दर्शन करने गई थी। वहां से पैदल गांव की ओर लौटते वक्त कैलाशपुरा के पास बजरी परिवहन में लिप्त ट्रेक्टर-ट्रॉली ने उसे टक्कर मार दी। टे्रक्टर का पहिया उसे कुचलता हुआ गुजर गया। हादसे में महिला की मौके पर ही मौत हो गई। मौके पर मौजूद लोगों ने ट्रेक्टर चालक को पकड़ लिया और पुलिस को सूचना दी। मनियां पुलिस मौके पर पहुंची और जिला अस्पताल में पोस्टमार्टम करा शव परिजन को सौंप दिया। इस संबंध में परिजन की ओर से पुलिस को तहरीर दी गई है। पुलिस ने ट्रेक्टर चालक को हिरासत में ले लिया है। मृतका की 2019 में ही शादी हुई थी। इसका एक तीन साल का एक पुत्र है।
एसपी-बजरी माफिया का आमना-सामना
उधर, सुबह मचकुंड रोड पर एक कार्यक्रम में भाग लेने जाने के दौरान एसपी मनोज कुमार का सामना बजरी माफिया से हो गया। एसपी की गाड़ी देख बजरी माफिया ने टक्कर मारने की कोशिश की। हालांकि, चालक की सूझबूझ से हादसा टल गया। इस पर बजरी माफिया का एसपी ने पीछा किया। पुलिस टीम भी एसपी के साथ हो ली। इसी दौरान बजरी माफिया का एक और साथी ट्रेक्टर-ट्रॉली लेकर आ गया और उसे भागने में मदद करने लगा। दोनों ट्रेक्टर-ट्रॉली सौ फुटा रोड होकर मौराली की ओर भागने लगी। पुलिस अधीक्षक और टीम भी उनका पीछा करने लगी। सुनासन इलाके में पुलिस ने ट्रेक्टर के टायरों पर फायरिंग भी की। भागते-भागते दोनों ट्रेक्टर-ट्रॉली बरैलापुरा तक पहुंच गए। यहां एक बजरी माफिया ने ट्रेक्टर चंबल की ओर भगा दिया। वहीं, दूसरा खेतों की ओर ट्रेक्टर लेकर भागा। पुलिस ने घेराबंदी कर ट्रेक्टर को जब्त कर लिया और बजरी माफिया को दबोच लिया। वहीं, चंबल की ओर भागा बजरी माफिया चंबल किनारे ट्रेक्टर छोड़ कर फरार हो गया।
एनजीटी के आदेश हवा-हवाई
5 अप्रेल को एनजीटी के निर्देशों को लेकर अतिरिक्त मुख्य सचिव माइंस एवं पेट्रोलियम डॉ. सुबोध अग्रवाल तथा अतिरिक्त मुख्य सचिव वन विभाग शिखर अग्रवाल की अध्यक्षता में संयुक्त बैठक का आयोजन किया गया। दोनों एसीएस ने एनजीटी के आदेशों की पालना में चंबल अभयारण्य क्षेत्र में बजरी के अवैध खनन व परिवहन पर प्रभावी रोकथाम के निर्देश देते हुए माइंस, पुलिस, वन व संबंधित विभागों को संयुक्त अभियान चलाने के निर्देश दिए थे। हालांकि, इसके बाद भी बजरी के अवैध उत्खनन और परिवहन पर लगाम नहीं कस पाई है।
बजरी माफिया के कारण हुई कुछ प्रमुख दुर्घटनाएं
- 12 मई 22 को राजाखेड़ा क्षेत्र में फर्राटेदार अवैध बजरी के ट्रेक्टरों के रेले में से एक ट्रेक्टर-ट्रॉली ने नादौली मोड़ पर एक बाइक को चपेट में लेकर रौंद दिया। जिससे बाइक सवार एक युवक सोनू (22) पुत्र रामसहाय गुर्जर निवासी गांव जैतपुर की कुचल जाने से मौके पर ही मौत हो गई। जबकि दूसरा युवक राघवेन्द्र घायल हो गया।
- 1७ मई 22 को रेत माफिया के ट्रेक्टर ने नेशनल हाइवे 44 पर नारायण ढाबे के पास ऑटो को टक्कर मार दी। जिससे मजदूरी करने जा रही तीन महिलाओं की मौत हो गई। इनमें से दो की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं एक ने ग्वालियर में दम तोड़ दिया। ये महिलाएं सदर थाने के पास ग्लव्स फैक्ट्री में काम करती थीं। हादसे में धौलपुर जाटव बस्ती फूटा दरवाजा निवासी बबीता (40) पत्नी घनश्याम जाटव, लीलावती (48) पत्नी सोबरन सिंह जाटव तथा पटपरा निवासी भूरी उर्फ राखी (35) पत्नी संजय माहोर की मौत हुई थी।
- 2 जून 22 को पचगांव के समीप नेशनल हाइवे 123 पर गुरुवार सुबह तेज गति से जा रहा अवैध रेता से भरा ट्रेक्टर एक कंटेनर ट्रक से जा टकराया। हादसे में ट्रेक्टर चला रहे बजरी तस्कर की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, ट्रेक्टर सवार एक अन्य घायल हो गया। हादसे में ट्रेक्टर चला रहे दौनारी सैपंऊ निवासी पवन पुत्र चेतराम कुशवाहा की मौत हो गई थी।
- 29 जुलाई 22 को धौलपुर में झोर वाली माता के पास बजरी से भरे ट्रेक्टर-ट्रॉली के कारण ऑटो सवार महिला की मौत, तीन छात्रों समेत पांच अन्य घायल।
- २१ अप्रेल 23 को राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 123 पर गुरुवार सुबह तेज रफ्तार ट्रेक्टर-ट्रॉली ने एक बाइक सवार युवक को रौंद दिया। हादसे में 24 वर्षीय छोटू उर्फ दीपक पुत्र सत्यवीर परमार निवासी रजौरा खुर्द की मौके पर ही मौत हो गई।
इनका कहना है
पुलिस चंबल बजरी का अवैध उत्खनन और परिवहन रोकने का पूरा प्रयास कर रही है। इस पर काफी हद तक लगाम लगी है। पुलिस से बचने के लिए बजरी माफिया अंधाधुंध ट्रेक्टर दौड़ाते हैं। ऐसे में कई बार हादसे भी हो जाते हैं।
- मनोज कुमार, पुलिस अधीक्षक, धौलपुर
Published on:
23 Apr 2023 05:59 pm
बड़ी खबरें
View Allधौलपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
