28 मई 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Dholpur: पेट्रोल-डीजल के दाम का झटका…लगाएगा महंगाई का तडक़ा

धौलपुर.पेट्रोल और डीजल के दामों ने आग लगा रखी है। पिछले 12 दिनों में दोनों पेट्रोलियम पदार्थों के दाम चार बार बढ़ चुके हैं। जिस कारण माल ढुलाई और परिवहन लागत में उछाल देखने को मिल रहा है।

3 min read
Google source verification
Dholpur news

Dholpur news

धौलपुर.पेट्रोल और डीजल के दामों ने आग लगा रखी है। पिछले 12 दिनों में दोनों पेट्रोलियम पदार्थों के दाम चार बार बढ़ चुके हैं। जिस कारण माल ढुलाई और परिवहन लागत में उछाल देखने को मिल रहा है। ईंधन महंगा होने से ट्रकों और अन्य वाहनों का किराया बढ़ गया है, जिसकी सीधी मार सब्जियों, दूध, ब्रेड और अन्य खाद्य सामग्रियों के दामों पर पडऩा लाजिमी है।

पिछले 12 दिनों में चार बार पेट्रोल और डीजल के दाम बढ़ चुके हैं। शहर में आज पेट्रोल 113.13 और डीजल 98.18 रुपए प्रति लीटर मिल रहा है, जो 15 मई से पहले 105.19 पेट्रोल और 90.61 रुपए प्रति लीटर डीजल था। देखा जाए तो पेट्रोलियम पदार्थों के दामों में इजाफा होने से इसका सीधा असर महंगाई पर पड़ता है, क्योंकि ट्रांसपोर्ट के चक्र से सारा जीवन जुड़ा हुआ है और पेट्रोल-डीजल के दाम बढऩे से ट्रांसपोर्ट परिवहन में भी बढ़ोत्तरी होती है। जानकारी के अनुसार भारत में ज्यादातर खाद्य सामग्री ट्रकों और अन्य डीजल वाहनों से मंडियों तक पहुंचती है। ऑल इंडिया मोटर ट्रांसपोर्ट के अनुसार डीजल की कीमतों में हर 1 रुपए की वृद्धि के साथ माल ढुलाई की दरें लगभग 0.65 प्रतिशत तक बढ़ जाती हैं। जब डीजल की कीमतों में 7 से 10 रुपए की बढ़ोतरी होती है, तो ट्रांसपोर्टेशन की लागत 6.5 प्रतिशत से अधिक बढ़ जाती है। जिसका सीधा असर खाद्य सामग्रियों के दामों सहित अन्य संसाधनों की कीमत पर पड़ता है। हालांकि शहर में इसका असर अभी कम देखने को मिल रहा है, लेकिन ट्रांसपोर्ट से जुड़े लोगों का कहना है कि पेट्रोलियम पदार्थों के दाम बढऩे का असर शहर सहित जिले भर में जल्द देखने को मिलेगा। तो वहीं कुछ निजी वाहन संचालकों ने पेट्रोलियम दाम बढऩे के बाद यात्री किराया भी बढ़ा दिया है। जानकारी के अनुसार कुछ निजी बस संचालक और ऑटो संचालकों ने यात्री किराया में 5 से 10 रुपए तक की वृद्धि कर दी है।

परिवहन के चलते बढ़े दूध के दाम

15 मई से लेकर 25 मई तक चार बार पेट्रोलियम पदार्थों के दाम बढ़ चुके हैं। जिसका असर खाद्य सामग्रियों से लेकर अन्य पदार्थों के दाम वृद्धि पर पड़ता है, देखा जाए तो दाम बढऩे का असर धीरे-धीरे दिखने भी लगा है। ट्रकों के किराए में इजाफा होने के कारण थोक और खुदरा बाजारों में सब्जियों के दाम बढ़ जाते हैं, खासकर हरी सब्तियों के दामों में भारी वृद्धि देखी जाती है। अभी गत दिनों दो बड़ी दुग्ध प्रोडक्ट बनाने वाली कंपनियों को भी परिवहन लागत बढऩे के कारण दूध के दाम 2-3 रुपए प्रति लीटर तक बढ़ाने पड़े। रोजमर्रा के सामान बिस्कुट, आटा, तेल और अन्य पैक्ड फूड आइटम्स की सप्लाई चेन प्रभावित होने से इनकी कीमतों में भी इजाफा होता है।

डीजल के दाम बढऩे से रोडवेज को घाटा

डीजल के बढ़ते दामों के कारण अब रोडवेज निगम को भी घाटा उठाना पड़ा रहा है। दरअसल 10 दिनों पर पेट्रोलिम कंपनियां चार बार दाम बढ़ा चुकी हैं। पेट्रोल जहां कुल 7.88 रुपए और डीजल 7.57 रुपए तक महंगी हो चुकी है। वहीं धौलपुर डिपो संचालित अभी भी सारी बसों का निरंतर संचालन जारी है। डिपो अधिकारियों ने बताया कि सरकार के आदेशानुसार न तो किराया बढ़ाया गया है और न ही किसी भी रूट पर किसी भी बस का संचालन बंद नहीं किया गया है। रोडवेज की प्रतिदिन 5 हजार से 5500 लीटर प्रतिदिन की खपत है। बता दें कि रोडवेज को डीजल 89.97 रुपए लीटर मिल रहा था लेकिन अब भाव बढऩे पर 90.83 रुपए लीटर आ रहा है। लेकिन किराये में वृद्धि नहीं होने से घाटा बढ़ रहा है।

डीजल और पेट्रोल के दामों में लगातार इजाफा हो रहा है। दामों में 7 रुपए तक की वृद्धि हो चुकी है। जिसके बाद बड़ी शहरों और बड़े ट्रांसपोर्टरों ने माल भाड़ा में वृद्धि कर दी है। हालांकि धौलपुर में अभी भाड़ा नहीं बढ़ा है, लेकिन माल भाड़ा बढ़ाने को लेकर तैयारियां की जा रही हैं, जिस कारण आगामी दिनों में माल भाड़ा बढ़ सकता है।

-सीताराम, संचालक जयपुर जोधपुर ट्रांसपोर्ट कम्पनी

कब-कब कितने बढ़े दाम

15 मई: सरकारी तेल कंपनियों ने पेट्रोल में 3.25 और डीजल में 3.02 प्रति लीटर की भारी बढ़ोतरी की गई।

19 मई: पेट्रोल में 94 पैसे और डीजल में 91 पैसे प्रति लीटर का इजाफा हुआ।

23 मई: पेट्रोल 87 पैसे और डीजल 91 पैसे प्रति लीटर महंगा हुआ।

25 मई: कीमतों में चौथी बार बड़ा उछाल आया और पेट्रोल 2.82 तथा डीजल 2.73 प्रति लीटर बढ़ गए।