
- लगातार कार्रवाई से शहर से लगे चंबल घाटों पर छाई वीरानी
- पुलिस ने बीते साल जब्त की थी 317 ट्रेक्टर-ट्रॉलियां
धौलपुर. अवैध चंबल बजरी निकासी और परिवहन को लेकर पुलिस ने बीते एक सप्ताह से खासी सख्ती करने से शहर और आसपास लगे चंबल घाट और निकासी के रास्तों पर सन्नाटा पसरा हुआ है। पुलिस लगातार बजरी माफिया पर कार्रवाई कर रही है। अब पुलिस ने माफिया की ओर से शहर में कुछ स्थानों पर अवैध तरीके से कर रखे स्टॉक पर कार्रवाई करना शुरू कर दिया है। इस कार्रवाई ने माफिया की बजरी सप्लाई चेन पर वार किया है। बता दें कि धौलपुर से भारी मात्रा में बजरी की सप्लाई आगरा और भरतपुर मंडी में होती है। उधर, धौलपुर में हो रही कार्रवाई का असर पड़ोसी जिले मुरैना में भी दिखा। यहां चंबल ब्रिज के दूसरी तरफ बजरी निकासी गुरुवार को बंद दिखी। यहां से बेधडक़ होकर बजरी निकाली जाती है।
फायरिंग पर बजरी माफिया को मिला था जवाब
जिले के राजाखेड़ा थाना क्षेत्र में बीते सप्ताह बजरी माफिया ने पुलिस पर फायरिंग कर दी थी। जिसमें एक कांस्टेबल गोली लगने से घायल हो गया था। पुलिस ने बजरी माफिया को कुछ ही घंटों में जवाब देते हुए तीन जनों को धरदबोचा। आरोपितों ने पुलिस पर फायरिंग की जिसके जवाब में हुई फायरिंग में तीनों घायल हो गए थे।
गत वर्ष 2594 टन बजरी व खनिज सामग्री की जब्त
पुलिस ने अवैध बजरी और खनिज सामग्री के खिलाफ बीते साल लगातार कार्रवाई की। पुलिस ने गत वर्ष 2594 टन बजरी और अवैध खनिज सामग्री को जब्त किया। सालभर में जिलेभर के विभिन्न थानों में 314 मुकदमे दर्ज कर 213 आरोपितों को जेल की सलाखों के पीछे डाला। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने कुल 390 वाहनों को जब्त किया था। इसमें अवैध बजरी परिवहन में 256 और अवैध खनिज सामग्री से लदे 134 वाहनों को जब्त किया। इसमें सर्वाधिक संख्या 317 ट्रेक्टर-ट्रॉलियों की रही। इसके अलावा 5 डंपर, 42 ट्रक व टे्रलर, 3 जेसीबी व 23 अन्य वाहनों को जब्त किया। अवैध बजरी व खनिज के खिलाफ 2023 के मुकाबले 95 फीसदी अधिक कार्रवाई हुई। साल 2023 में कुल 1333 टन बजरी व पत्थर जब्त किया। वहीं, 257 वाहनों को पकड़ा था।
बीते दिनों हुई पुलिस की बड़ी कार्रवाई-
27 जनवरी को पुलिस ने बजरी माफिया के खिलाफ यहां मचकुण्ड रोड स्थित सौ फुटा रोड पर कार्रवाई की। पुलिस टीमों ने यहां जगह-जगह अवैध रूप से जमा कर रहे बजरी स्टॉक को जब्त किया और कई टन बजरी ट्रेक्टर-ट्रॉलियों में भरवा कर पुलिस लाइन में भिजवा दी। इसी तरह कोतवाली और सदर थाना पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर खनिज की चोरी करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की। पुलिस ने अवैध पत्थर लदे 11 ट्रेक्टर-ट्रॉलियों को जब्त किया।- 28 जनवरी को पुलिस टीम ने अवैध बजरी स्टॉक के खिलाफ वापस कार्रवाई की। पुलिस ने केसरबाग और आईसीएल फैक्ट्री के पास जंगल में पड़ी लावारिस बजरी स्टॉक को नष्ट कराया। इसी तरह पुलिस ने मौरोली रोड, कंसाना पेट्रेाल पंप के पीछे, जायद ढावा के पीछे, पटेल स्कूल के पास गुर्जर कॉलोनी में जगह-जगह पड़े करीब 180 ट्रेक्टर-ट्रॉली अवैध बजरी स्टॉक को जब्त किया।
Published on:
31 Jan 2025 07:03 pm
बड़ी खबरें
View Allधौलपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
