
Dholpur news
धौलपुर.स्टेशन से प्रतिदिन यात्रा करने वाले यात्रियों को मासिक सीजन टिकट यानी एमएसटी पर तीन प्रतिशत की छूट दी रही है। रेल वन ऐप के जरिए डिजिटल माध्यम से अनारक्षित टिकट बुक करने पर भी यह सुविधा उपलब्ध है। हालांकि इसकी जानकारी अधिकतर यात्रियों को नहीं होने के कारण वह इसका फायदा नहीं उठा पा रहे, जबकि यह छूट केवल 14 जुलाई तक ही है।
डिजिटल इंडिया, रेल वन ऐप को बढ़ावा देने और यात्रियों को टिकट खिडक़ी से दूर करने रेलवे ने नई व्यवस्था लागू की। इस व्यवस्था में भारतीय रेलवे ने रेल वन ऐप के डिजिटल माध्यम से एमएसटी पर प्रतिदिन यात्रा करने और अनारक्षित (जनरल) ट्रेन टिकट बुक करने पर 3 प्रतिशत की विशेष छूट देने की घोषणा की है। रेलवे ने यह योजना नव वर्ष के शुभारंभ यानी 14 जनवरी से लागू की गई थी, जो कि अब अपने अंतिम चरण में है। यह योजना 14 जुलाई को समाप्त हो जाएगी, लेकन अधिकतर यात्रियों को इस योजना का पता नहीं होने से बहुत कम यात्री इस योजना का लाभ उठा पा रहे हैं। जिसमें एमएसटी से प्रतिदिन सफर करने वाले यात्री बहुत कम हैं। रेलवे के अनुसार रेल वन एप एक ही प्लेटफॉर्म पर कई सुविधाएं प्रदान करता है। इससे यात्री आरक्षित व अनारक्षित टिकट, प्लेटफॉर्म टिकट, ट्रेन की लाइव लोकेशन, पीएनआर स्टेटस, कोच पोजिशन, भोजन बुकिंग, शिकायत एवं सुझाव तथा पार्सल ट्रैकिंग जैसी सेवाओं का लाभ उठा सकते हैं।
525 यात्री करते प्रतिदिन एमएसटी से सफर
धौलपुर रेलवे स्टेशन से प्रतिदिन लगभग 6 हजार 500 यात्री सफर करते हैं साथ 550 यात्री ऐसे भी हैं जो नौकरी, पढ़ाई या अन्य के कारण प्रतिदिन एमएसटी से यात्रा करते हैं, लेकिन अधिकतर यात्रियों को रेल वन ऐप की जानकारी नहीं होने वह इसका फायदा नहीं उठा पा रहे। यही कारण है कि 14 जनवरी से प्रारंभ हुई इस योजना के बाद 10 से 12 लोगों ने ही अपनी एमएसटी रेल-वन ऐप के माध्यम से बनवाई, जबकि अन्य ने टिकट खिडक़ी के माध्यम से। रेलवे के अनुसार गत वर्ष पहले 525 यात्री एमएसटी पर प्रतिदिन यात्रा करते थे और इस साल में केवल 25 लोगों ने अपनी एमएसटी बनवाई। जिस कारण एमएसटी पर प्रतिदिन यात्रा करने वाले यात्रियों की संख्या 550 पहुंच गई है, हालांकि यह योजना अपने अंतिम चरण में पहुंच गई है और इसका समापन 14 जुलाई को हो जाएगा।
डिजिटल टिकटिंग को मिल रहा बढ़ावा
जानकारी के अनुसार रेल-वन एप के आर-वालेट से टिकट बुक करने पर यात्रियों को पहले से ही 3 प्रतिशत कैशबैक बोनस की सुविधा मिल रही है। रेल-वन एप के माध्यम से किसी भी डिजिटल भुगतान विकल्प का उपयोग कर अनारक्षित टिकट बुक करने पर यात्रियों को प्रत्यक्ष लाभ सुनिश्चित होगा। डिजिटल पेमेंट पर सीधी छूट या आर-वालेट से कैशबैक। रेल प्रशासन का कहना है कि इस निर्णय का मुख्य उद्देश्य यात्रियों को डिजिटल माध्यम से टिकट खरीदने के लिए प्रेरित करना और नकद लेन-देन को कम करना है। इस योजना से डिजिटल टिकटिंग को बढ़ावा मिलेगा।
50 हजार यात्रियों ने ऐप से बुक कराए टिकट
देखा जाए तो यात्रियों को टिकट खिडक़ी पर घंटों खड़े होने की परेशानी को दूर करने रेलवे का ‘रेल वन ऐप) यह कदम कारगर भी साबित हो रहा है और रेल वन ऐप की लोकप्रियता में भी इजाफा हो रहा है। जानकारी के अनुसार पिछले तीन माह में ऐप के जरिए लगभग 50 हजार यात्रियों ने रेल वन ऐप के जरिए टिकट बुक कराए, जिससे रेलवे को लाखों रुपए का राजस्व प्राप्त हुआ।
55 गाडिय़ों का ठहराव स्टेशन पर
अमृत भारत योजना के तहत जहां धौलपुर रेलवे स्टेशन का कायाकल्प हो रहा है वहीं स्टेशन अन्य संसाधनों में विकसित किया जा रहा है। रेलवे स्टेशन पर 55 गाडिय़ों का ठहराव है। जिनमें प्रतिदिन रुकने वाली 28 गाड़ी (अप और डाउन) तो 27 गाड़ी साप्ताहिक और दो या तीन दिन आने वाली गाडिय़ा (अप और डाउन) शामिल हैं। जिनमें धौलपुर से प्रतिदिन 6500 यात्री यात्रा करते हैं, तो वहीं 550 यात्री एमएसटी से जिनमें अधिकतर यात्री आगरा, मुरैना और ग्वालियर यात्रा करते हैं।
Published on:
03 Jul 2026 06:24 pm
