
राजीव गांधी शहरी ओलम्पिक खेल: पुरुषों को टेनिस बॉल क्रिकेट तो महिलाओं को भाया खो-खो
धौलपुर. जिले में अगले माह के अंत में राजीव गांधी ग्रामीण एवं शहरी ओलम्पिक खेल प्रतियोगिताएं प्रस्तावित है। वर्तमान में शहरी क्षेत्र में 26 हजार से अधिक रजिस्ट्रेशन हो चुके हैं । इस प्रतियोगिता में जहां पर पुरुषों को टेनिस बॉल क्रिकेट लुभा रहा है, वहीं महिलाओं को खो-खो का खेल भा रहा है। शहरी क्षेत्र में पुरुषों ने सर्वाधिक रजिस्ट्रेशन क्रिकेट में तो महिलाओं ने सबसे ज्यादा पंजीयन खो-खो में कराए हैं।
राज्य सरकार ने पिछले साल बजट घोषणा में खेलों को बढ़ावा देने के लिए ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में राजीव गांधी ओलम्पिक की घोषणा की थी। इसके तहत गत वर्ष ग्रामीण क्षेत्रों में ओलम्पिक कराए गए। शहरी क्षेत्रों में यह खेल कराए जाने थे, इसके लिए रजिस्ट्रेशन भी करवाए गए, लेकिन परीक्षाओं के चलते इसे स्थगित कर दिया था। अब 23 जून से ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में एक साथ कराए जाने है। इसके लिए रजिस्ट्रेशन का कार्य जारी है। जिले के ग्रामीण और शहरी क्षेत्र में 31 हजार से अधिक लोग रजिस्ट्रेशन करा चुके हैं।
सर्वाधिक पंजीयन टेनिस बॉल क्रिकेट में में
जिले में सर्वाधिक पंजीयन टेनिस बॉल क्रिकेट में ही हुआ है। शहरी क्षेत्र में 5469 महिला-पुरुषों तो ग्रामीण क्षेत्र में 1895 महिला-पुरुषों ने इसमें रजिस्टे्रशन कराया है।
खो-खो में मात्र छह पुरुषों ने कराया पंजीयन
खो-खो के लिए जिले में मात्र छह पुरुषों ने ही पंजीयन करवाया है। वहीं, इसके मुकाबले 2849 महिलाओं ने अपना पंजीयन कराया है। वहीं, टेनिस बॉल क्रिकेट में जिले में ग्रामीण और शहरी खेलों में371 महिलाओं ने अपना पंजीयन कराया है।
पंचायत में चार दिन खेल
ग्रामीण ओलम्पिक खेलों के तहत ग्राम पंचायत स्तरीय खेल प्रतियोगिताएं 4 दिन की होंगी। ब्लॉक स्तरीय स्पर्धा 5 दिन की, जिला स्तरीय 3 दिन और राज्य स्तरीय खेल प्रतियोगिताएं 4 दिन की होंगी। इसी तरह शहरी ओलम्पिक खेल प्रतियोगिताएं नगरपालिका, नगर परिषद, नगर निगम क्षेत्र में 6 दिन की। जिला स्तरीय 3 दिन की और राज्य स्तरीय खेल 4 दिन के होंगे। उल्लेखनीय है कि शहरी क्षेत्र में खो-खो प्रतियोगिता सिर्फ महिला खिलाडिय़ों की होगी। इसी प्रकार ग्रामीण खेलों में शूटिंग बॉल प्रतियोगिता पुरुषों की होगी।
इनका कहना है
10 जून तक राजीव गांधी ग्रामीण एवं शहरी ओलम्पिक खेल प्रतियोगिताओं के लिए रजिस्ट्रेशन होंगे। लोग ज्यादा से ज्यादा इन खेलों में हिस्सा लें।
- अनिल कुमार अग्रवाल, जिला कलक्टर, धौलपुर
Published on:
26 May 2023 06:47 pm
