
Dholpur news
धौलपुर. जिले में अवैध खनन एवं अवैध खनिज निर्गमन पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से जिला स्तरीय खनिज विकास, पर्यावरण संरक्षण एवं अवैध खनन निगरानी समिति तथा अवैध खनन की रोकथाम के लिए गठित विशेष जांच दल की बैठक जिला कलक्टर श्रीनिधि बी टी की अध्यक्षता में जिला कलक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित हुई।
बैठक में जिला कलक्टर ने संबंधित विभागों को निर्देश देते हुए कहा कि अवैध खनन एवं खनिज परिवहन के विरुद्ध सभी विभाग आपसी समन्वय स्थापित कर प्रभावी एवं कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करें। उन्होंने तहसील बाड़ी, सरमथुरा एवं धौलपुर क्षेत्र में चिन्हित चंबल घडिय़ाल अभ्यारण्य क्षेत्र से अवैध बजरी निर्गमन की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए वन विभाग एवं पुलिस विभाग को संयुक्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए। बैठक में उपवन संरक्षक वी चेतन कुमार, जिला पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान, खनिज विभाग के अधिकारी सहित सम्बन्धित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे। गौरतलब रहे कि सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर धौलपुर समेत पांच जिलों में अवैध चंबल बजरी परिवहन रोकने और कार्रवाई के लिए एसआटी का गठन किया गया है।
जिला कलक्टर ने बैठक में निर्देश दिए कि चंबल नदी के घाटों एवं संवेदनशील क्षेत्रों में अवैध खनन गतिविधियों की प्रभावी निगरानी के लिए हाइ-रिजोल्यूशन कैमरे स्थापित किए जाएं, जिससे रात्रिकालीन एवं दूरस्थ गतिविधियों पर भी नजर रखी जा सके। इसके अतिरिक्त प्रमुख मार्गों एवं संवेदनशील स्थानों पर सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से सतत निगरानी व्यवस्था विकसित करने तथा अवैध खनिज परिवहन पर नियंत्रण के लिए रणनीतिक स्थानों पर चेक पोस्ट स्थापित करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीक एवं निगरानी तंत्र के उपयोग से अवैध खनन एवं निर्गमन पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जा सकेगा। उन्होंने कहा कि बिना नम्बर प्लेट वाले वाहनों को पैट्रोल, डीजल नहीं दिया जाए। साथ ही बिना नंबर प्लेट वाहनों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। जिला कलक्टर ने कहा कि अवैध खनन न केवल राजस्व हानि का कारण बनता है, बल्कि पर्यावरणीय संतुलन एवं वन्यजीव संरक्षण के लिए भी गंभीर चुनौती है। इसलिए सभी विभाग निर्धारित जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हुए समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करें तथा की गई कार्रवाई की नियमित रिपोर्ट प्रस्तुत करें।
पार्वती नदी क्षेत्र में पर्यावरणीय मानकों के अनुरुप हो खनन पट्टे
बैठक के दौरान जिला पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान ने जिले में संचालित गैंगसा यूनिटों का स्टॉक सत्यापन करवाकर अवैध खनिज भंडारण के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने खनिज विभाग को चंबल नदी के प्रतिबंधित क्षेत्र को छोडक़र पार्वती नदी क्षेत्र में वैज्ञानिक एवं पर्यावरणीय मानकों के अनुरूप खनन पट्टों का सृजन कर उनकी नीलामी की प्रक्रिया आगे बढ़ाने के निर्देश दिए। साथ ही अवैध खनिज परिवहन में संलिप्त वाहनों के विरुद्ध पुलिस सहयोग से प्रभावी कार्रवाई करने के लिए उपखंड अधिकारी राजाखेड़ा एवं बसेड़ी को निर्देशित किया।
Published on:
17 Jun 2026 06:42 pm
बड़ी खबरें
View Allधौलपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
