
मृतक सौरभ कुशवाह फाइल फोटो
dholpur. सैंपऊ थाना पुलिस ने एक किशोर की अज्ञात हत्या की गुत्थी का चौबीस घंटे में खुलासा किया है। घटना की वजह चौकाने वाली रही। रील बनाने के विवाद में एक किशोर ने अपने ही दोस्त को गोली मारकर मौत के घाट उतार दिया था। बचने के लिए शव को एक स्थान पर छोड़ कर भाग गया। पुलिस ने तकनीकी और मानवीय इनपुट के आधार पर आरोपित किशोर को निरुद्ध किया है। उसे स्वीकार किया कि रील बनाने को लेकर हुए झगड़े में उसे गोली मार दी।
पुलिस अधीक्षक धौलपुर विकास सांगवान ने बताया कि अज्ञात जनों की ओर से घटना को दिए अंजाम के खुलासे के लिए विशेष टीम का गठन किया गया था। सैंपऊ सीओ मनोहर लाल मीना के निर्देशन में एसएचओ प्रमेंद्र रावत के नेतृत्व में टीम का गठन किया गया। गत 12 अगस्त को राधेश्याम (37) पुत्र निहाल सिंह कुशवाह निवासी तसीमो थाना सैंपऊ ने थाना में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। जिसमें बताया कि 11 अगस्त की दोपहर करीब 2.30 बजे उसके भतीजे सौरभ कुशवाह (16) पुत्र भूरा कुशवाह को किसी अज्ञात व्यक्ति ने गोली मारकर घायल कर दिया था। सौरभ को धौलपुर अस्पताल ले जाया गया, जहां हालत गंभीर होने पर उसे रैफर कर दिया। जिस पर परिजन इलाक के लिए उसे आगरा ले गए। आगरा जाते समय उसकी तबीयत बिगड़ गई। चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। अनुसंधान में सामने आया कि मृतक सौरभ और उसका 15 वर्षीय दोस्त दोनों रील बनाने के शौकीन थे। 11 अगस्त को तसीमों गांव में एक खंडहरनुमा कॉलेज की बाउंड्री वॉल पर दोनों अवैध हथियार लेकर रील बनाने पहुंचे थे। वहां पहले मैं रील बनाऊंगा बात पर दोनों में विवाद हो गया। विवाद बढऩे पर आरोपित किशोर ने अवैध हथियार से सौरभ को गोली मार दी, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मौके से साक्ष्य जुटाए और मुखबिर तंत्र व तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपित दोस्त को निरुद्ध किया। पुलिस ने बाद में पूछताछ की तो नाबालिग ने हत्या करना स्वीकार किया। वारदात के खुलासे में विशेष रूप से स्पेशल टीम के हैड कांस्टेबल दीनदयाल शर्मा एवं थाने के कांस्टेबल विक्रम सिंह, धारा सिंह व रामरूप सिंह आदि शामिल रहे।
व्यूज और कमेंट का लगा चस्का...
जांच में सामने आया कि सौरभ और उसका दोस्त दोनों ही रील बनाने के शौकीन थे। जिस पर वह आएदिन मोबाइल के जरिए रील के लिए शॉर्ट बनाते रहते थे। इन शॉर्ट को वह इंस्टाग्राम, फेसबुक समेत अन्य सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर डालते थे। रील बनाते बनाते चस्का ऐसा लगा कि व्यूज और कमेंट के लिए बेहतर जगह चयन करने लगे। जिससे अच्छे व्यूज मिले। दोनों दोस्त अधिकांश रील घटना स्थल पर ही बनाते थे। ११ अगस्त के दिन घर से कुछ दूरी पर खंडहरनुमा मकान की चारदीवारी पर बना रहे थे और फिर विवाद हो गया।
Updated on:
14 Aug 2026 06:15 pm
Published on:
14 Aug 2026 06:15 pm
