
Dholpur news
धौलपुर. पूर्व में नीट परीक्षा के पेपर लीक होने के बाद अब री-एग्जाम की तिथि नजदीक आ गई है। नीट री-एग्जाम आगामी 21 जून को देशभर में आयोजित होनी है। धौलपुर शहर में भी परीक्षा के 7 केन्द्र हैं, जिन पर करीब 1992 परीक्षार्थी शामिल होंगे। परीक्षा को लेकर प्रशासन सतर्क बना हुआ है और एग्जाम से जुड़े विभागीय अधिकारियों की जिला कलक्टर श्रीनिधि बी टी ने बैठक लेकर आवश्यक निर्देश दिए है।
उधर, पुलिस प्रशासन ने भी तैयारियों शुरू कर दी है। शहर में एग्जाम की सेंटरों की निगरानी के लिए दो पुलिस उपाधीक्षक तैनात किए जाएंगे, जो सभी टीमों को आवश्यक निर्देश देंगे और फीडबैक के अनुसार तत्काल कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा परीक्षा केन्द्र पर अन्य कड़े इंतजाम किए गए हैं और केन्द्र के करीब 300 मीटर के दायरे में किसी तरह की गतिविधि नहीं होगी और यातायात पहले ही डायवर्ट रहेगा। जिससे सेंटर के आसपास जमघट न हो। वहीं, परीक्षा से दो दिन पहले शहर और जिले की सीमा में प्रत्येक होटल, रेस्टारेंट, हॉस्टल, पीजी, ढाबे और धर्मशालाओं की बरीकी से जांच और कौन पहले से ठहरा, परीक्षा के आसपास किसने बुकिंग कराई और ठहरने वालों की लोगों की आईडी की गहन पड़ताल होगी। साथ ही रेलवे स्टेशन, केन्द्रीय स्टैंड समेत अन्य सार्वजनिक स्थलों पर भी नजर रखी जाएगी।
एग्जाम सेंटर पर इंस्पेक्टर होगा टीम लीडर
जिला मुख्यालय पर सात परीक्षा केन्द्र हैं। पुलिस प्रशासन की ओर से कड़ी ऐतियात बरतते हुए प्रत्येक परीक्षा केन्द्र पर एक पुलिस निरीक्षक अधिकारी टीम लीडर की भूमिका में रहेगा। इनके पास 4 पुरुष और 3 महिला कांस्टेबल जाब्ते में रहेगी, जो जांच करेंगी। साथ ही दो अन्य जववान सेंटर के आसपास 300 मीटर की सीमा में वाहन की गतिविधि रोकेंगे और आसपास की गतिविधि पर बारीकी से नजर रखेंगे। इस दायरे में बिना अनुमति के प्रवेश नहीं होगा।
परीक्षा के दिन फोटो स्टेट दुकानें रहेंगी बंद, रहेगी निगरानी
उधर, परीक्षा के चलते इस दफा किसी तरह की चूक से बचने के लिए विशेष सख्ती बरती जा रही है। शहरी क्षेत्र में परीक्षा से करीब दो दिन पहले प्रत्येक ई-मित्र सेंटर और साइबर कैफे की जांच-पड़ताल होगी। संचालक कौन है और आवश्यक निर्देश दिए जाएंग। इसकी जिम्मेदारी क्षेत्र की थाना पुलिस संभालेगी। परीक्षा केन्द्र यह बंद रहेंगे। साथ ही परीक्षा केन्द्र फोटो स्टेट की दुकानें पुलिस भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 163 का प्रयोग करते हुए इन्हें बंद करवाएगी। पूर्व में उक्त यह सीआरपीसी की धारा 144 थी। बीएनएसएस की उक्त धारा आपात या कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस को विशेष निषेधाज्ञा (प्रतिबंध) लागू करने की शक्ति देता है।
इधर, सबसे बड़े सेंटर का रास्ता खस्ताहाल
जिले के सबसे बड़े पीजी कॉलेज धौलपुर की ओर जाने वाले रास्ते की हालत खस्ता बनी हुई है। स्टेशन रोड पर जैन धर्मशाला के बगल से खलती की तरफ से रास्ता रेलवे फाटक से कॉलेज की तरफ जा रहा है। यहां खलती की तरफ रास्ते पर बड़े-बड़े गड्ढे हो रहे हैं। हाल में बारिश के चलते कॉलेज जाने वाले विद्यार्थियों को मुश्किल का सामना करना पड़ा। जलभराव से निकलने में खासी दिक्कते आईं। यह रोड पूरी तरह से खराब है और आगे भी रेलवे की ओर से साइड लेन का दुरुस्त नहीं कराया। यहां पर दिनभर धूल उड़ती है, छिडक़ाव का नामोनिशान तक नहीं है। पुरानी भारती टॉकीज के रास्ते पर दोनों तरफ गंदगी, मृत जानवरों की दुर्गंध से निकलना मुश्किल होता है। जबकि नीट परीक्षा का बड़ा केन्द्र पीजी कॉलेज में ही है। साथ ही इन दिनों कॉलेज में परीक्षाओं का दौर चल रहा लेकिन इसके बाद न तो नगर परिषद और न ही पीडब्लयूडी ने इस तरफ ध्यान दिया। प्राचार्य डॉ.गिर्राज सिंह का कहना है कि सडक़ की मरम्मत को लेकर पहले अवगत करा चुके हैं पर कोई सुधार नहीं हुआ।
- नीट री-एग्जाम को लेकर पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। डिप्टी एसपी और पुलिस निरीक्षक समेत आवश्यक जाब्ता सेंटरों पर तैनात रहेगा। साथ ही थाना पुलिस शहर में नजर रखेगी। शहर में बाहर से आने वाले व्यक्तियों पर भी नजर रखी जाएगी।
- विकास सांगवान, एसपी धौलपुर
Published on:
18 Jun 2026 08:14 pm
बड़ी खबरें
View Allधौलपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
