
प्रतिबंधित घडिय़ाल क्षेत्र से चंबल बजरी ले जाते ट्रेक्टर-ट्रॉली पकड़ी
dholpur. डीएसटी टीम एवं दिहौली थाना पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए चम्बल घडिय़ाल प्रतिबंधित क्षेत्र से चोरी छिपे ट्रेक्टर ट्रॉली से अवैध चम्बल बजरी भरकर ले जाते हुए एक ट्रेक्टर ट्रॉली को जब्त कर चालक व दो सहयोगियों को गिरफ्तार किया है। साथ ही अवैध चम्बल बजरी निकासी के रास्तों को जेसीबी मशीन से गड्डे खुदवाकर बन्द करवाया है। बता दें कि दिहौली क्षेत्र में बड़े स्तर चंबल बजरी का परिवहन होता है।
थाना प्रभारी परमजीत सिंह ने बताया कि डीएसटी प्रभारी योगेश तिवारी की सूचना पर एक संयुक्त टीम का गठन कर विशेष अभियान घडिय़ाल प्रतिबन्धित क्षेत्र चम्बल नदी से बजरी चोरी करने वालो के विरुद्ध कार्रवाई की रणनीति बनाई। टीम ने कार्रवाई करते हुए एक ट्रेक्टर चालक दीपू पुत्र राकेश गुर्जर निवासी तिघरा थाना सदर और साथ में सहयोगी भीमसेन पुत्र भीमसेन गुर्जर व राजबब्बर पुत्र सियाराम गुर्जर निवासी तिघरा थाना सदर घडिय़ाल प्रतिबन्धित क्षेत्र चम्बल नदी से अवैध रूप से बजरी परिवहन करते पकड़ा। ये आरोपित ट्रेक्टर-ट्रॉली में चोरी छिपे चंबल की बजरी ले जा रहे थे। पुलिस टीम ने अंबिका मंदिर के पास एक ट्रेक्टर ट्रॉली जब्त कर तीनों को गिरफ्तार कर मुकदमा दर्ज किया है।
रास्ते खोद लगाम लगाने की कवायद
इसके साथ ही थाना पुलिस ने चम्बल घाटों को जाने वाले रास्ते व अवैध चम्बल रेता निकासी के मार्गों को जेसीबी मशीन से कुछ स्थानों गड्ढे खुदवा कर रास्ते अवरोध किए हैं। जिससे बजरी माफिया के लोग आसानी से नदी के तट तक नहीं पहुंच सके। कार्रवाई में एएसआई श्यामसुन्दर, मनोज कुमार, हरेन्द्र व शम्भूदयाल आदि शामिल रहे।
जमकर हो रहा बजरी का परिवहन
बता दें कि दिहौली क्षेत्र समेत कुछ इलाकों से लगातार अवैध तरीके से बजरी का परिवहन हो रहा है। बीच-बीच में यहां कार्रवाई कर मामला शांत दिखाने का प्रयास होता है लेकिन इसके बाद फिर चंबल बजरी निकासी शुरू हो जाती है। हाल में इस इलाके में बजरी माफिया के फायरिंग करने के मामले और संदिग्ध भूमिका सामने आने पर एसपी ने दो पुलिसकर्मियों को निलम्बित किया है। प्रकरण की जांच भी सौंपी है। इस इलाके से अवैध बजरी आगरा मण्डी, श्मशाबाद, फतेहाबाद पहुंचती है, जहां ऊंचे दाम पर बिक्री होती है।
Published on:
04 Mar 2024 07:24 pm
बड़ी खबरें
View Allधौलपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
