10 नवंबर 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

पानी-पोषक तत्त्वों की कमी पूरी कर एनर्जी देती हैं देसी ड्रिंक्स

तापमान बढ़ता जा रहा है। तेज धूप और उमस के कारण शरीर में पानी की कमी हो रही है।
3 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

जयपुर

•

image

Shankar Sharma

•

Updated: 22 Jun 2018, 5:31 AM IST

Local drinks

पानी-पोषक तत्त्वों की कमी पूरी कर एनर्जी देती हैं देसी ड्रिंक्स

तापमान बढ़ता जा रहा है। तेज धूप और उमस के कारण शरीर में पानी की कमी हो रही है। पानी की कमी न सिर्फ ऊर्जा में कमी लाती है बल्कि शरीर के जरूरी अंगों की कार्यक्षमता को भी प्रभावित करती है। विशेषज्ञों के अनुसार गर्मी में मौसम में सिर्फ पानी की कमी को पूरा करना ही काफी नहीं है। पसीने के कारण शरीर में मिनिरल्स की कमी को पूरा करना भी जरूरी है। साथ ही डाइट में ऐसी चीजों को शामिल करें जो शरीर को ठंडक पहुंचाएं ताकि गर्मी का मुकाबला कर सकें। जानते हैं कुछ ऐसी ही देसी ड्रिंक्स के बारे में-

नमकीन सत्तू
सामग्री : चने का सत्तू आधा कप, पुदीने के पत्ते 10, नींबू का रस 2 छोटे चम्मच, हरी मिर्च आधी, भुना जीरा आधा छोटा चम्मच, काला नमक आधा छोटा चम्मच, सादा नमक एक-चौथाई छोटा चम्मच
बनाने का तरीका: पुदीना के पत्ते धोएं। 2 पत्ते साबुत छोड़ कर, सारे पत्ते बारीक काट लें। हरी मिर्च को बारीक काट लें। सत्तू में थोड़ा-सा ठंडा पानी डालकर गुठलियां खत्म होने तक घोल लें। फिर 1 कप पानी मिला दें। घोल में काला नमक, सादा नमक, हरी मिर्च, पुदीना की पत्तियां, नींबू का रस और भुना जीरा पाउडर डाल कर मिला दें। सत्तू का नमकीन शर्बत तैयार है। सत्तू के नमकीन शर्बत को गिलास में डालें और पुदीने की साबुत पत्तियां डालकर सजा दें। आइस क्यूब भी डाल सकते हैं।

आम की स्मूदी
सामग्री : आम 1, ताजा दही 1 कप, पिस्ता, 2 पतले कटे हुए, चीनी 4 चम्मच।
बनाने का तरीका: आम को छीलकर उसका पल्प निकाल लें। इसके बाद आम के पल्प को छोटे-छोटे टुकड़ों में काट लें। मिक्सर जार में आम के टुकड़े, चीनी और दही डाल दें और अच्छे से ब्लेंड कर लें। इसके बाद इसमें कुछ बफ के टुकड़े डाल दें और एक बार फिर से अच्छी तरह से ब्लेंड कर लें। आम की ठंडी-ठंडी स्मूदी तैयार हैं। कटे पिस्तों से सजाकर सर्व करें।

जलजीरा
सामग्री: पुदीना के पत्ते आधा कप, धनिये के पत्ते आधा कप, नींबू 2 मीडियम आकार के, रायते वाली बूंदी आधा कप, अदरक 1 इंच टुकड़ा, हींग 1 चुटकी, काली मिर्च 3/4 छोटी चम्मच, भुना जीरा 2 छोटी चम्मच, चीनी 2 छोटी चम्मच, काला नमक 1 छोटी चम्मच, सादा नमक आधा छोटी चम्मच या स्वादानुसार।

बनाने का तरीका : पुदीना और धनिया को अच्छी तरह साफ करके धो लें। मसालों को बारीक पीस कर तैयार कर लें। हरा धनिया और पुदीना जार में डाल दें। अदरक को छोटा-छोटा काट कर डाल दें। काली मिर्च, भुना जीरा, चीनी, हींग, काला नमक और सादा नमक डाल दें। पिसे मसाले जार में डाल दें और 4 कप ठंडा पानी डाल दें। अच्छी तरह मिक्स कर लें। नींबू का रस निकाल कर मिला दें। ताजा जलजीरा बनकर तैयार है।

छाछ
सामग्री : एक कटोरी दही, काला नमक, पिसा भुना जीरा।
बनाने का तरीका: किसी बर्तन में दही डालकर उसे मथ लें। ज्यादा न चलाएं, वरना मक्खन बनने लगेगा। फिर इसमें भुना पिसा जीरा, काला नमक डाल दें। चाहें तो धनिया या पुदीना भी डाल सकते हैं। अगर अलग स्वाद चाहते हैं तो इसमें सरसों का तडक़ा भी लगा सकते हैं। छाछ को अलग स्वाद देने के लिए उसमें तुलसी या लेमन ग्रास भी डाल सकते हैं।

फालसे का शरबत
सामग्री : फालसे 250 ग्राम, चीनी आधा कप से कम, काला नमक आधा चम्मच।
बनाने का तरीका: फालसे को हल्के गर्म पानी में धो लें। फिर सुखाकर मिक्सर में चीनी और आधा कप पानी डालकर चलाएं। चीनी घुल जाए तो फालसे डालकर थोड़ा और चलाएं। इस तरह फालसे का गूदा बीजों के ऊपर से निकल कर पानी में मिक्स हो जाता है। अब मिक्सर में 3 कप ठंडा पानी मिलाकर आधा मिनट और चलाएं। शरबत को मिक्सर से निकाल कर छानें और पी लें।

डिस्क्लेमर
इस लेख में दी गई जानकारी का उद्देश्य केवल रोगों और स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के प्रति जागरूकता लाना है। यह क्वालीफाइड मेडिकल ओपिनियन का विकल्प नहीं है। पाठकों को सलाह दी जाती है कि वे कोई भी दवा, उपचार या नुस्खा अपनी मर्जी से ना आजमाएं। इस बारे में उस चिकित्सा पैथी से संबंधित एक्सपर्ट या डॉक्टर की सलाह लेना जरूरी है।