डिंडौरी. मुख्यालय से लगभग पांच किलोमीटर दूर डिंडोरी-अमरकंटक मुख्य मार्ग पर सिमरिया तिराहा के पास पर्यटकों से भरी बस पलट गई। दुघर्टना में दर्जन भर यात्री घायल हुए हैं। वहीं बस में दब जाने से नरोडा अहमदाबाद गुजरात निवासी एक महिला भावना बेन सोलंकी उम्र लगभग 51 वर्ष की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस एवं स्वास्थ्य विभाग का अमला मौके पर पहुंचा और घायल यात्रियों को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया। घटना स्थल पर आसपास के ग्रामीणों की मदद से घायल यात्रियों को बाहर निकला गया। बताया गया कि बस में लगभग 45 यात्री सवार थे। बस में यात्रा कर रहे लोगों से बताया कि सभी यात्री गुजरात के अहमदाबाद के निवासी हैं। यात्रियों ने बताया कि वह नेपाल की यात्रा के बाद अमरकंटक घूमने आए थे जहां से लौटकर उज्जैन जा रहे थे तभी बस अनियंत्रित होकर पलट गई। अपर कलेक्टर सरोधन सिंह, पुलिस अधीक्षक संजीव कुमार सिन्हा, जिला पंचायत सीईओ सुश्री विमलेश सिंह, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष ज्योति धुर्वे, नगर पंचायत सीएमओ शैलेंद्र सेलवार के साथ परिषद अध्यक्ष सुनीता सारस, नगर पंचायत उपाध्यक्ष सारिका नायक ने जिला चिकित्सालय पहुंचकर घायलों का हाल-चाल जाना।