शिल्प व कला के देवता भगवान विश्वकर्मा की पूजा को लेकर राजधानी रांची समेत राज्यभर में विशेष उत्साह का माहौल दिखा। राजधानी रांची में भगवान विश्वकर्मा की पूजा-अर्चना को लेकर गैरेज, कल-कारखाना, ऑटो स्टैंड, बस स्टैंड, रांची रेलवे स्टेशन,एचईसी, सरकारी बस डिपो, मेकॉन, सीसीएल, सीएमपीडीआई समेत अन्य स्थानों पर पंडाल बनाकर समारोह का आयोजन किया गया। कल-कारखानों, गैरजों में भी विशेष आयोजन किया गया। इसके अलावा कई स्थानों पर विश्वकर्मा पूजा समिति की ओर से पंडाल का निर्माण कराया गया था। रातू रोड, किशोरी यादव चौक, पिस्का मोड़ा, कोकर, मेन रोड, प्लाजा सिनेमा, आईटीआई, बस स्टैंड, बिरसा बस स्टैंड समेत अन्य कल-कारखानों और गैरजों में विश्वकर्मा पूजा धूमधाम से मनायी गयी। मेन रोड स्थित विश्वकर्मा पूजा समिति की ओर से सुबह दरबार का भव्य श्रृंगार फूल-पत्तियों से कर पूजा-हवन , आरती और प्रसाद वितरण किया गया।