2 फ़रवरी 2026,

सोमवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

गूगल मैप से भटका रास्ता, बाइक समेत नाले में फंसा, पुलिस ने बचाई जान, मुम्बई से सलूंबर आ रहा था युवक

डूंगरपुर जिले में लगातार हो रही बारिश के बीच कई नाले व नदियां उफान पर है। इसी बीच सरोदा पुलिस ने अपनी जान की परवाह किए बगैर सोमवार रात को अखेपुर के समीप नाले में पानी के तेज बहाव में फंसे युवक की जान बचाई।

2 min read
Google source verification

डूंगरपुर जिले में लगातार हो रही बारिश के बीच कई नाले व नदियां उफान पर है। इसी बीच सरोदा पुलिस ने अपनी जान की परवाह किए बगैर सोमवार रात को अखेपुर के समीप नाले में पानी के तेज बहाव में फंसे युवक की जान बचाई। थानाधिकारी भुवनेश चौहान ने बताया कि सोमवार रात करीब नौ बजे एक फोन आया। फोन पर एक युवक के नाले में फंस जाने की जानकारी मिली। बगैर समय गंवाए बताई गई लोकेशन पाड़वा बायपास अखेपुर गामड़ी देवकी रोड़ पर पुलिस टीम पहुंची। यहां पर पुलिस पैदल-पैदल 200 मीटर की दूरी पर स्थित नाले के समीप पहुंची। नाले में पानी का बहाव तेज था व अंधेरा भी अधिक था।

इससे नाले में फंसा युवक कही दिख नहीं रहा था। इस पर टीम ने आवाज लगाई। आवाज सुनकर सामने से एक युवक ने जवाब दिया और उस दिशा में पुलिस ने अपना रेस्क्यू शुरू किया। पुलिस टीम में शामिल कांस्टेबल नागेंद्र सिंह तेज बहाव के नाले में कूदा व युवक का हाथ पकडक़र बाहर निकालने का प्रयास किया। काफी प्रयास के बाद युवक को बाहर निकालने के साथ ही पुलिस टीम ने युवक की मोटर साइकिल भी रस्सी से बाहर निकाली। युवक काफी घबराया हुआ था।

कुछ देर राहत के बाद थानाधिकारी ने उसका नाम पता पूछा तो उसने अपना नाम सलूम्बर निवासी मनीष पुत्र प्रकाशचंद्र जैन बताया। जिसके बाद पुलिस ने मनीष को निजी हॉस्पिटल में भर्ती करवाया। हॉस्पिटल में प्राथमिक उपचार के बाद मनीष आगे के लिए रवाना हुआ। इससे पहले मनीष ने थानाधिकारी सहित पूरी टीम को धन्यवाद दी।

मुंबई से आ रहा था

थानाधिकारी ने बताया कि मनीष मुंबई से मोटर साइकिल लेकर अपने घर सलूम्बर आ रहा था। वह सलूम्बर आने के लिए सागवाड़ा होकर वाया पाड़वा से गूगल मैप की सहायता से जा रहा था। रास्ते में पाड़वा कस्बे में सीसी सडक़ के निर्माण कार्य होने से बाईपास अखेपुर गामड़ी देवकी रोड मार्ग की ओर आगे बढ़ गया। पाटनपुर के फार्म हाउस के समीप कच्ची सडक़ से मनीष गुजर रहा था।

इस दौरान अंधेरे में मनीष मोटर साइकिल लेकर नाले में उतर गया और पानी के तेज बहाव के साथ बहने लगा। इस दौरान उसने एक लकडी पकड़ रखी और मोबाइल से 100 नंबर पर सूचना दी। फोन पर संबंधित पुलिसकर्मी ने सरोदा थानाधिकारी का नंबर दिया। इस पर युवक ने थानाधिकारी को सूचना दी। जिसके बाद पुलिस टीम ने पहुंच युवक की जान बचाई। पुलिस टीम में हैडकांस्टेबल त्रिलोकपाल सिंह, कांस्टेबल नागेंद्र सिंह, गोविंद सिंह व प्रतीक शामिल थे।

Story Loader