
राजस्थान वीरों की भूमि, आदिवासी समाज के भाई-बहनों का गौरवशाली इतिहास हमेशा किया जाता है याद : राष्ट्रपति मुर्मू
President Droupadi Murmu Rajasthan Visit : राष्ट्रपति द्रौपती मुर्मू ने स्वयं सहायता समूहों और उससे जुड़े लोगों की सराहना करते हुए कहा है कि भारत आत्मनिर्भर तभी हो सकता है जब भारत की हर इकाई स्वावलंबी हो। मुर्मू बुधवार को डूंगरपुर जिले के बेणेश्वर धाम स्थित स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी आदिवासी महिलाओं के सम्मेलन को संबोधित कर रही थीं। उन्होंने स्वावलंबन को प्रोत्साहन देने के लए सभी स्वयं सहायता समूहों और उससे जुड़े हर व्यक्ति की सराहना की।
उन्होंने कहा कि जनजातीय महिलाओं के सशक्तीकरण के इस महत्वपूर्ण आयोजन में आकर उन्हें प्रसन्नता हो रही है। माही, सोम और जाखम नदियों के त्रिवेणी संगम पर स्थित बेणेश्वर धाम की यह भूमि बहुत ही पवित्र मानी जाती है। राजस्थान वीरों एवं इंद्रधनुषी संस्कृति की भूमि है, पधारो महारे देस की अतिथि सत्कार की भावना यहां की पहचान है।
उन्होंने कहा कि जब राजस्थान की वीरता की बात होती है तो यहां के आदिवासी समाज के भाई-बहनों का गौरवशाली इतिहास हमेशा याद किया जाता है। महाराणा प्रताप की सेना में आदिवासी वीरों की संख्या बहुत बड़ी थी, उन वीरों ने राणा का हरदम साथ दिया। आदिवासी माताएं और बहनें अपने पति और बेटों को मातृभूमि की सेवा में मर मिटने के लिए खुशी खुशी विदा करती थीं। उन्होंने कहा, 'मै उन सभी ऐतिहासिक वीर माताओं और बहनों को सादर नमन करती हूं, आधुनिक युग में भी हमारे देश की आदिवासी बहनें परिश्रम और प्रगति के अच्छे उदाहरण प्रस्तुत कर रही हैं।'
महिलाओं के जीवन में आया सकारात्मक परिवर्तन
राष्ट्रपति ने कहा पिछले साल दिसंबर में मैं जैसलमेर आई थीं जहां मैंने लखपति दीदी सम्मेलन को संबोधित किया, वहां मैंने देखा कि कैसे स्वयं सहायता समूहों से जुडऩे के बाद महिलाओं के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन आया है। यह परितर्तन देश भर में हो रहा है। मैंने अनेक राज्यों में महिला स्वयं सहायता समूहों के सदस्यो को संबोधित करते हुए उनसे बातचीत करते हुए वहां की महिलाओं के आत्म विश्वास को महसूस किया है। उन्होंने आगे कहा कि प्राय गरीब व्यक्ति विशेषकर महिलाओं को क्रेडिट या लोन मिलने में कठिनाइयो का सामना करना पड़ता है। यह खुशी की बात है कि महिलाओं को स्वयं सहायता समूहों से जोड़कर राजस्थान सरकार इस समस्या का समाधान निकाल रही है।
स्वयं सहायता समूह न केवल कार्य पूंजी प्रदान करने का काम रहे हैं, बल्कि मानव पूंजी और सामाजिक पूंजी बनाने में भी सराहनीय काम करते हैं। उन्हें बताया गया है कि महिलाओं के स्वास्थ्य एव स्वच्छता को सुनिश्चित करने के लिए राजस्थान सरकार निशुल्क सेनेटरी पैड का वितरण कर रही है। इस विवेकश्याील, प्रगतिशील एवं संवेदनशील कदम के लिए वह राज्य सरकार की सहराना करती हैं।
Published on:
14 Feb 2024 08:44 pm

