नई दिल्ली। आर्थिक मामलों के विभाग में सचिव सुभाष चंद्र गर्ग ने कहा है कि आर्थिक विकास बढ़ाने और समष्टिगत आर्थिक स्थिरता बनाए रखने के लिए भारत सरकार की ओर से किए गए प्रमुख आर्थिक सुधारों से देश दुनिया में सर्वाधिक तेजी से विकास करने वाली अर्थव्यवस्थाओं में शुमार हो गया है। वाशिंगटन डीसी में भारत-अमरीका रणनीतिक मंच की ओर से 'भारतीय अर्थव्यवस्था : संभावना व चुनौतियां' विषय पर आयोजित एक विशेष कार्यक्रम को गर्ग ने यह बात कही है। उन्होंने कहा कि वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) लागू करना एक ऐतिहासिक आर्थिक व राजनीतिक उपलब्धि है। यह भारत में कराधान व आर्थिक सुधारों के इतिहास में अभूतपूर्व है, जिससे फिर से ढांचागत सुधार की आशा जगी है। उन्होंने इस बात पर बल दिया कि दुनिया की अर्थव्यवस्था सुस्ती के दौर से गुजर रही है, तब भारत ने ऐसे व्यापक सुधार के कदम उठाए हैं।