
NEET UG 2025.
NEET UG 2025 Exam: देशभर के लाखों छात्र-छात्राओं इंतजार आज खत्म होने जा रहा है। NEET UG 2025 exam आज, 4 मई को आयोजित की जा रही है। यह परीक्षा भारत के करीब 5500 परीक्षा केंद्रों पर संपन्न होगी। इस साल 22.7 लाख से ज्यादा अभ्यर्थियों ने परीक्षा के लिए रजिस्ट्रेशन कराया है, जो कि अब तक का एक बड़ा आंकड़ा है। इस परीक्षा को आयोजित करने के लिए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किये गए हैं।
परीक्षा के दौरान अनुशासन बनाए रखने और निष्पक्षता सुनिश्चित करने के लिए केंद्र, राज्य और जिला प्रशासन की ओर से पुख्ता सुरक्षा प्रबंध किए गए हैं। जिलाधिकारी और मजिस्ट्रेट स्वयं परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण करेंगे। परीक्षा के पूर्व, दौरान या बाद में किसी भी तरह की अनुचित गतिविधि में संलिप्त पाए जाने पर उम्मीदवारों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। यदि कोई परीक्षार्थी अनुचित साधनों (UFM) का उपयोग करता हुआ पाया जाता है, तो उस पर तीन वर्षों तक NTA की परीक्षाओं से प्रतिबंध लगाया जा सकता है और साथ ही, उसके विरुद्ध ‘पब्लिक एग्जाम (अनफेयर मीन्स प्रिवेंशन) एक्ट, 2024’ के तहत कानूनी कार्रवाई भी हो सकती है।
इस बार परीक्षा का लगभग 93% संचालन सरकारी विद्यालयों और कॉलेजों में किया जा रहा है। परीक्षा के सुचारू संचालन के लिए 3 मई को सभी परीक्षा केंद्रों पर मॉक ड्रिल कराई गई थी। केंद्रों पर मोबाइल जैमर की कार्यक्षमता की जांच, बायोमेट्रिक वेरिफिकेशन, और तलाशी प्रक्रिया के लिए पर्याप्त कर्मचारियों की तैनाती भी की गई है। परीक्षा के दौरान गर्मी को ध्यान में रखते हुए सभी केंद्रों पर पीने के पानी की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है। साथ ही, बिजली कनेक्शन में कोई दिक्कत न हो इसके लिए बैकअप की व्यवस्था, और जरूरत पड़ने पर पोर्टेबल टॉयलेट, प्राथमिक चिकित्सा और एंबुलेंस की भी व्यवस्था की जाएगी।
परीक्षा दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक पेन-पेपर मोड में होगी। अभ्यर्थियों को समय से पहले केंद्र पर पहुंचना अनिवार्य है, क्योंकि देर से आने वाले अभ्यर्थियों को किसी भी सूरत में प्रवेश नहीं मिलेगा। छात्रों को एडमिट कार्ड, एक पासपोर्ट साइज फोटो और एक मान्य फोटो आईडी साथ लाना अनिवार्य है।
किसी भी तरह की किताबें, नोट्स, कैलकुलेटर, राइटिंग पैड, इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस (जैसे मोबाइल फोन, ब्लूटूथ, ईयरफोन, स्मार्ट वॉच), धातु की वस्तुएं, गहने, बेल्ट, टोपी, पर्स, पैक्ड या खुले खाद्य पदार्थ, पानी की बोतल आदि परीक्षा केंद्र में लाने की अनुमति नहीं है। इन नियमों का उल्लंघन करने पर परीक्षा से बाहर कर दिया जा सकता है और भविष्य की परीक्षाओं से भी प्रतिबंधित किया जा सकता है।
Updated on:
04 May 2025 10:19 am
Published on:
04 May 2025 10:19 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
