
समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव
वाराणसी. UP Assembly Elections 2022 में जीत हासिल कर सत्ता के सिंहासन तक पहुंचने के लिए समाजवादी पार्टी गठबंधन वो हर हथकंडे अपना रहा है जिससे उसके पक्ष में ज्यादा से ज्यादा लोग जुड़ें और मतदान करें। इसके तहत अखिलेश यादव लगातार आम आदमी की जरूरतों से जुड़े मुद्दों को उछाल रहे हैं और ये वादा कर रहे हैं कि सपा-गठबंधन की सरकार बनी तो सूबे के हर वर्ग की तकदीर बदल देंगे।
अखिलेश का राज्यकर्मियों से कर चुके हैं पुरानी पेंशन बहाली का वादा
अखिलेश ने इस कड़ी में युवा, छात्र, महिला, बेटियों के लिए वादे किए तो राज्यकर्मियों व शिक्षकों के लिए उनकी वर्षों पुरानी मांग पुरानी पेंशन की बहाली का वादा किया है। वित्तविहीन शिक्षको को सम्मानजनक मानदेय दिलाने का भरोसा दिलाया है। आम आदमी के लिए 300 यूनिट तक फ्री बिजली का वादा, किसानहित की बातें की हैं। पिछड़ों, अति पिछड़ों, दलितों को रिझाने का काम किया है।
अखिलेश का नया वादा, सरकार बनी तो बदलेंगे पुलिस कल्याण की सूरत
इसी के तहत अब उन्होंने पुलिस कल्याण की बात कर पुलिसकर्मियों को भी रिझाने को नया वादा किया है। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने ट्वीट कर कहा है कि, "सपा गठबंधन की सरकार बनने के बाद पुलिस कल्याण की सूरत बदली जाएगी। पुरानी पेंशन बहाली करने के साथ ही मोटरसाइकिल व मोबाइल रिचार्ज का भत्ता भी देंगे। इसके साथ सप्ताह में एक दिन अवकाश भी दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार के कार्यकाल में वर्दी तथा पौष्टिक आहार भत्ता भी बढ़ाया जाएगा। इसके साथ ही साथ सभी पुलिसकर्मियों के मकान किराया भत्ते की समीक्षा भी की जाएगी। समाजवादी पार्टी के मुखिया ने कहा कि सभी खाली पड़े पदों पर प्रमोशन भी किया जाएगा। उन्होंने कहा कि अनुकंपा पर गृह जनपद के नजदीकी मंडल में नियुक्ति को भी हमारी सरकार में वरीयता दी जाएगी।"
अखिलेश का ट्वीट हो रहा वायरल
अखिलेश के इस ट्वीट को चार हजार लोगों ने रीट्वीट किया है जबकि 16k लाइकिंग मिली है और ये लगातार बढ़ता ही जा रहा है। यानी अखिलेश ने इस एक ट्वीट के जरिए उस यूपी पुलिस के कल्याण की बात करके उनकी दुखती रग पर हाथ फेरा है। वो पुलिस जिससे कानून व्यवस्था कायम करानी है। वो पुलिस जिसके दम पर बीजेपी फिलहाल यूपी में बेहतर कानून व्यवस्था का दावा कर रही है।
Published on:
13 Feb 2022 04:29 pm
बड़ी खबरें
View Allचुनाव
ट्रेंडिंग
