18 जनवरी 2026,

रविवार

Patrika LogoSwitch to English
icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

गुजरात चुनाव: इन 6 वजहों से गुजरात में भाजपा रच सकी इतिहास

Gujarat assembly elections 2022: गुजरात चुनाव के नतीजे एक नया इतिहास बना गए हैं। इसमें भाजपा की अपनी ताकत तो थी ही कांग्रेस की कुछ कमजोरियां, गड़बड़ियां और लापरवाहियां भी इसकी एक बड़ी वजह रहीं। जानिए 6 बड़ी वजहें-

2 min read
Google source verification
narendra_modi_gujrat_victory.jpeg

Due to these 6 reasons BJP could create history in Gujarat

गुजरात चुनाव के नतीजों ने दिखा दिया है कि राज्य के लोगों के लिए आज भी मोदी गुजरात का गौरव हैं। प्रधानमंत्री रहते हुए भी उन्होंने अपने राज्य के साथ अपना कनेक्शन उतना ही मजबूत रखा है। यहां मोदी का जादू ना सिर्फ बरकरार है बल्कि बढ़ता जा रहा है। पीएम मोदी ने भी चुनाव से काफी पहले से ही यहां पूरा ध्यान दिया। कई सारे बड़े प्रोजेक्ट चुनाव से ठीक पहले वहां ले कर गए। इसी तरह लगातार रैलियां और रोड शो कर चुनाव को सीधे अपनी प्रतिष्ठा से जोड़ लिया।

चुनाव विधानसभा के जरूर थे, लेकिन प्रचार के दौरान मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल के नाम का बहुत कंजूसी से ही उपयोग किया गया। रैलियों, पोस्टरों और होर्डिंग में मोदी ही दिखे।

आज भाजपा के चुनावी प्रबंधन को पूरा देश जान गया है। अब तो हर छोटे-बड़े चुनाव को पार्टी बेहद गंभीरता से लेती है। वोटर लिस्ट के हर पन्ने के लिए एक प्रभारी या पन्ना प्रमुख तक तय किया जा रहा है। लेकिन इसकी शुरुआत मोदी और शाह की जोड़ी ने गुजरात से ही की थी। गुजरात की हर सीट के बारे में उनकी बारीक जानकारी और लंबा अनुभव काम आया।

राज्य में नौ फीसदी से ज्यादा मुस्लिम हैं। यहां की 17 सीटें ऐसी हैं जिन पर यह समुदाय निर्णायक भूमिका में रहता है, लेकिन यहां भी भाजपा को फायदा मिला। मुस्लिम समुदाय तीन जगह बंट गया। कांग्रेस तो उसकी पारंपरिक पसंद रहा ही है, इस बार ओवैसी की एआइएमआइएम ने भी अपने उम्मीदवार खड़े किए। इसी तरह कुछ वोट आम आदमी पार्टी को भी गए।

लंबे समय से लग रहा था कि इस बार गुजरात में कांग्रेस के लिए अच्छा मौका है। भाजपा भी काफी परेशान दिख रही थी। पीएम और अमित शाह का राज्य पर फोकस, मुख्यमंत्री सहित पूरी कैबिनेट बदल देना ये कुछ ऐसे कदम थे, जिनसे लग रहा था कि भाजपा भी कांग्रेस को काफी गंभीरता से ले रही है। लेकिन लगता है कि कांग्रेस ने खुद को ही गंभीरता से नहीं लिया। राज्य में ना तो पार्टी का कोई चेहरा पेश किया गया और ना ही राहुल गांधी ने यहां कोई गंभीरता दिखाई।

पिछले चुनाव में राहुल, अहमद पटेल और अशोक गहलोत ने यहां पूरा जोर लगाया था और उसका काफी फायदा पार्टी को मिला था। तब इसे 41 प्रतिशत वोट और 77 सीटें मिली थीं। इस बार भी गहलोत को राज्य में ऑब्जर्वर के तौर पर लगाया तो गया, लेकिन वे राजस्थान में अपनी ही सरकार संभालने से फुर्सत नहीं पा रहे थे। जगदीश ठाकोर, शक्ति सिंह गोहिल और अर्जुन मोढवाडिया जैसे नेताओं के बीच कोई तालमेल नहीं दिखाई दिया।

जहां राज्य में कांग्रेस बेरोजगारी और महंगाई जैसे सही मुद्दों को पूरे जोर से उठाने में नाकाम रही, वहीं इसके कई बड़े नेताओं ने ऐसे बयान दिए जिसे भाजपा ने अपने पक्ष में मोड़ दिया। कभी ‘औकात’ पर तो कभी ‘रावण’ शब्द को भाजपा ने गुजरात का अपमान बताया।

भाजपा ने असंतोष दूर करने में पूरा जोर लगाया

भाजपा ने इस बात को पहले ही भांग लिया था कि 27 साल की सत्ता के बाद लोगों में कई तरह के असंतोष भी आ जाते हैं। चुनाव के दो साल पहले से ही जनता के असंतोष को दूर करने में पूरा जोर लगा दिया। यहां तक कि पिछले साल अपने तब के सीएम सहित पूरी कैबिनेट को इसलिए हटा दिया कि लोगों का असंतोष कम हो। विजय रुपाणी और उनकी पूरी कैबिनेट को हटा कर भूपेंद्र पटेल को नया सीएम बना दिया गया।

यह भी पढ़ें - गुजरात विधानसभा चुनाव 2022 रिजल्ट: किस सीट पर कौन जीता-कौन हारा? देखें पूरी List