चुनाव

Election Result: गुजरात में BJP की रिकॉर्ड जीत, हिमाचल में जनादेश कांग्रेस को, उपचुनाव के नतीजे मिले-जुले, मुस्कुराने की वजह AAP को भी

Assembly Elections Result 2022: गुजरात में BJP ने बड़ी जीत हासिल की है वहीं हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस को जनादेश मिला है। दूसरी ओर उपचुनाव के नतीजे मिले-जुले आए हैं। इसके साथ ही आप को राष्ट्रीय पार्टी का दर्जा मिला है। आइए विस्तार से जनाते हैं कहां किसके पक्ष में रहे नतीजे।  

3 min read
Dec 08, 2022
Gujarat-Himachal Assembly Elections Result 2022, by-election results UP, Bihar, Chhattisgarh, Odisha, Rajasthan

Assembly Elections Result 2022: गुजरात विधानसभा चुनाव में भाजपा ने 156 सीटों के साथ बड़ी जीत हासिल की है। वहीं कांग्रेस मात्र 17 सीटों पर सिमट गई है। जबकि आम आदमी पार्टी 5 और अन्य के खाते में 4 सीटें आई हैं। हिमाचल प्रदेश में 'पंजे' के पावर से बीजेपी पस्त हो गई, वहां कांग्रेस को 40, बीजेपी को 25 और अन्य को 3 सीटों पर जीत मिली है। हिमाचल में बड़े-बड़े वादों के साथ सरकार बनाने का दावा करने वाली आम आदमी पार्टी खाता भी नहीं खोल पाई है। हालांकि गुजरात के चुनाव ने आम आदमी पार्टी को मुस्कुराने की वजह दे दी है। इसी कारण से गुजरात और हिमाचल चुनाव हारने के बाद भी दिल्ली के मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के प्रमुख अरविंद केजरीवाल ने मुस्कुराते हुए एक वीडियो संदेश के माध्यम से AAP के राष्ट्रीय पार्टी बनने पर सभी कार्यकर्ताओं और देशवासियों को बधाई दी है।

इसके अलावा बिहार, छत्तीसगढ़, ओड़िसा, राजस्थान में 1-1 सीट और उत्तर प्रदेश में 2 सीटों पर हुए विधानसभा उप चुनाव के भी रिजल्ट आए। उप चुनाव परिणामों ने बीजेपी, कांग्रेस के साथ ही अन्य पार्टियों को भी खुश होने का मौका दिया। वहीं मैनपुरी की लोकसभा सीट पर हुए उपचुनाव में समाजवादी पार्टी की प्रत्याशी और पूर्व CM अखिलेश यादव की पत्नी डिंपल यादव ने रिकार्ड मतों से जीत हासिल की है।

विधानसभा चुनाव रिजल्ट 2022
गुजरात: 182 विधानसभा सीटों वाले गुजरात में बीजेपी ने 156 सीटों पर जीत हासिल की है, जिसके बाद लोगों को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि "जनता जनार्दन के आशीर्वाद अभिभूत करने वाला है। जेपी नड्डा के नेतृत्व में भाजपा के कार्यकर्ताओं ने जो परिश्रम किया है उसकी खुशबू चारों तरफ महसूस कर सकते हैं। मैं गुजरात, हिमाचल प्रदेश और दिल्ली की जनता का विनम्र भाव से आभार व्यक्त करता हूं।"

हिमाचल: हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस को 40 विधानसभा सीटों पर जीत मिली है, जिसके बाद हिमाचल प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा वीरभद्र सिंह ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि "विधायक अपना नेता चुनेंगे और अपनी राय पार्टी आलाकमान को बताएंगे। मैं नहीं कह रही की मैं CM पदे की दौड़ में हूं लेकिन यह चुनाव वीरभद्र सिंह के नाम पर जीता है। क्या आप उनके परिवार की विरासत की नज़रअंदाज़ कर सकते हैं। वहीं प्रधानमंत्री मोदी ने हिमाचल का जिक्र करते हुए कहा कि "जहां भारतीय जनता पार्टी प्रत्यक्ष नहीं जीती, वहां भाजपा का वोट शेयर भाजपा के प्रति स्नेह का साक्षी है।"

लोकसभा उपचुनाव
मैनपुरी:- मैनपुरी उपचुनाव में मुलायम सिंह यादव की बड़ी बहू और समाजवाटी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव की पत्नी डिंपल यादव ने रिकार्ड लगभग 2.88 लाख वोटों से जीत हासिल की है। इस जीत का श्रेय उन्होंने स्वर्गीय मुलायम सिंह यादव को दिया।

विधानसभा उपचुनाव में जीत
1. बिहार: आज बिहार के कुढ़नी विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव का रिजल्ट आया, जिसमें शुरू से BJP और JDU में कांटे की टक्कर देखने को मिली, लेकिन लास्ट में नीतीश कुमार की JDU हार गई। यहां से बीजेपी के प्रत्याशी केदार गुप्ता ने 3645 वोटों से जीत हासिल की।

2.छत्तीसगढ़: छत्तीसगढ़ के भानुप्रतापपुर विधानसभा उपचुनाव में कांग्रेस का जादू चल गया। कांग्रेस प्रत्याशी सावित्री मंडावी ने अपने निकटतम प्रतिद्वंदी भाजपा के ब्रह्मानंद नेताम को 21 हजार से अधिक वोटों से शिकस्त दी।

3.ओड़िसा: ओडिशा के पदमपुर विधानसभा उपचुनाव में बीजु जनता दल की प्रत्याशी वर्षा सिंह बरिहा ने भाजपा के प्रदीप पुरोहित को 42 हजार से अधिक वोटों से शिकस्त दी।

4. राजस्थान: राजस्थान के सरदारशहर विधानसभा उपचुनाव में कांग्रेस का बोलवाला देखने को मिला। कांग्रेस के अनिल शर्मा ने बीजेपी के अशोक कुमार को 26 हजार से अधिक वोटों से पराजित किया है।

5.उत्तर प्रदेश: उत्तर प्रदेश के दो विधानसभा सीटों खतौली और रामपुर उपचुनाव के रिजल्ट आए। खतौली सीट पर राष्ट्रीय लोक दल के प्रत्याशी मदन भैया ने BJP के प्रत्याशी राजकुमारी को 22 हजार से अधिक वोटों से शिकस्त दिया। वहीं रामपुर विधानसभा में भाजपा उम्मीदवार आकाश सक्सेना ने समाजवादी पार्टी के मोहम्मद असीम राजा को 34 हजार से अधिक वोटों से हराया।

यह भी पढ़ें: हिमाचल प्रदेश; किस सीट पर कौन जीता-कौन हारा? देखें पूरी लिस्ट

यह भी पढ़ें: गुजरात विधानसभा चुनाव 2022 रिजल्ट; किस सीट पर कौन जीता-कौन हारा? देखें पूरी List

Also Read
View All

अगली खबर