
रोहनिया विधानसभा क्षेत्र
वाराणसी. Uttar Pradesh Assembly Elections 2022: जिले का रोहनिया विधानसभा क्षेत्र पटेल-भूमिहार बहुल है। 2017 के चुनाव में इस सीट पर भूमिहार समाज से आने वाले भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार सुरेंद्र नारायण सिंह ऐढे ने जीत दर्ज की थी। उन्होंने 2017 के चुनाव में समाजवादी पार्टी के उम्मीदवार महेंद्र सिंह पटेल को 57,553 मतों के अंतर से हराया था। इससे पूर्व 2012 के विधानसभा चुनाव में अपना दल की अनुप्रिया पटेल ने बहुजन समाज पार्टी के रमाकांत सिंह को हराकर फतह हासिल की थी। लेकिन 2014 में अनुप्रिया पटेल के सांसद बनने के बाद यहां हुए उपचुनाव में समाजवादी पार्टी के महेंद्र सिंह पटेल ने जीत हासिल की थी। बता दें कि 2017 के विधानसभा चुनावों में भाजपा और अपना दल के बीच गठबंधन हुआ था जो अभी तक कायम है।
2017 के चुनाव परिणाम
2017 के विधानसभा चुनाव में बीजेपी के सुरेंद्र नारायण सिंह ने सपा के तत्कालीन विधायक रहे महेंद्र सिंह पटेल को 59 हजार वोटों के बड़े अंतर से शिकस्त दी थी। अपना दल (सोनेलाल) की अनुप्रिया पटेल के साथ की वजह से बीजेपी को एकतरफा जीत हासिल हुई। बीएसपी के प्रमोद कुमार सिंह तीसरे नंबर पर रहे। अनुप्रिया के भाजपा से गठबंधन करने के बाद उनकी मां अपनी छोटी बेटी पल्लवी पटेल संग अलग हो गईं। ऐसे में उन्होंने भी इस चुनाव में भाग्य आजमाया मगर उन्हें चौथे नंबर से संतोष करना पड़ा था।
2012 का चुनाव परिणाम
2012 में पहली बार यह विदानसभा अस्तित्व में आई तब यहां से अपना दल की अनुप्रिया पटेल ने बीएसपी के रमाकांत सिंह को हराकर जीत हासिल की। एसपी के मनोज राय धूपचंदी तीसरे तो बीजेपी के संजय राय चौथे स्थान पर रहे। थे। 2014 में अनुप्रिया पटेल के मिर्जापुर लोकसभा सीट से सांसद बनने पर रोहनिया विधानसभा सीट पर उपचुनाव हुए, तब पीएम नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र में आने वाली इस विधानसभा सीट के उपचुनाव में समाजवादी पार्टी ने शानदार जीत दर्ज की। एसपी के महेंद्र सिंह पटेल ने अपना दल की कृष्णा पटेल को करीब 15 हजार मतों से हराया था।
केंद्रीय मंत्री बनीं अनुप्रिया पटेल
2012 में रोहनिया विधानसभा सीट से जीत हासिल करने वाली अनुप्रिया पटेल 2014 के लोकसभा चुनाव में भाजपा के समर्थन से मिर्जापुर से चुनाव लड़ीं और जीत हासिल की। अनुप्रिया को नरेंद्र मोदी सरकार में स्वास्थ्य और परिवार कल्याण राज्य मंत्री का दर्जा दिया गया। उस वक्त वाराणसी-मिर्जापुर सहित पूरी यूपी में पटेल मतदाताओं को साधने का काम रोहनिया के चेहरे से भाजपा ने किया था। अब अगर अपना दल और भाजपा का गठबंधन 2022 के चुनाव तक कायम रहता है तो इस बार भी मुकाबला रोचक होगा।
उपचुनाव में सपा का कब्जा
2014 में रोहनिया विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव में समाजवादी पार्टी के महेंद्र सिंह पटेल ने जीत हासिल की। उन्होंने अपना दल की उम्मीदवार कृष्णा पटेल को हराया था। सपा के महेंद्र सिंह पटेल को 76,121 वोट मिले, जबकि कृष्णा पटेल को महज 61,672 वोट मिले थे।
मतदाता
आंकड़ों के हिसाब से इस विधानसभा में वोटरों की संख्या 4 लाख 56 हजार 970 है। इनमें 2 लाख 99 हजार 286 पुरुष जबकि एक लाख 57 हजार 684 महिला वोटर हैं।
Published on:
20 Dec 2021 11:18 am
बड़ी खबरें
View Allचुनाव
ट्रेंडिंग
