
अगले साल होने वाले लोकसभा चुनाव मेें भारतीय जनता पार्टी को हराने के लिए बनाए गए इंडिया गठबंधन में समाजवादी पार्टी खुद को सहज महसूस नहीं कर रही है। इस बात का अखिलेश यादव लगातार संकेत दे रहे हैं। मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव के दौरान सीटों को लेकर हुए विवाद के बाद सपा और कांग्रेस के बीच दूरियां बढ़ने लगी हैं।
दरअसल, रविवार को यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव मध्य प्रदेश के चुनावी दौरे पर थे। इस दौरान उन्होंने टीकमगढ़ में अपने पार्टी के प्रत्याशी के पक्ष में प्रचार करते हुए कांग्रेस पर जमकर निशाना साधने के साथ ही कांग्रेस को वोट न देने की अपील की।
कांग्रेस बहुत चालू पार्टी है उसे वोट मत देना
रविवार को अखिलेश यादव ने मध्य प्रदेश के टीकमगढ़ के जतारा में सपा प्रत्याशी आरआर बंसल के समर्थन में एक जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि कांग्रेस को वोट मत देना, वह बहुत चालू पार्टी है। सावधान रहें। बंसल जी बेमतलब ही दुखी थे कि कांग्रेस ने धोखा दे दिया। बंसल जी दुखी हैं कि कांग्रेस ने धोखा दे दिया। हमें पहचाना ही नहीं। जिनकी उम्र 80 साल हो वो हमें कैसे पहचानेंगे। हमारी किसी से कोई नाराजगी नहीं है।
गलती हमारी है कि हमने 80 साल वालों पर भरोसा कर लिया
मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की तरफ से सीट न मिलने की टीस अखिलेश यादव के चेहरे पर साफ तौर पर दिख रही हैं। सपा प्रमुख ने कहा कि हम यह मानते हैं कि 80 साल की उम्र वाले वो कभी-कभी पहचानेंगे नहीं। यह गलती हमारी है कि हमने 80 साल वालों पर भरोसा कर लिया कि वो हमें पहचानेंगे। इस दौरान उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश में हमारी शुरुआत ऐसी ही रहेगी और हम लगातार काम करते रहेंगे।
भाजपा से ज्यादा कांग्रेस पर हमलावर है अखिलेश
बता दें अखिलेश यादव इन दिनों अपने सबसे बड़े सियासी दुश्मन भारतीय जनता पार्टी से ज्यादा कांग्रेस पर हमलावर हैं। उन्होंने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि हमें भरोसा है कि बुजुर्ग और नौजवान हमारा साथ देंगे। हम लोग जातीय जनगणना कराना चाहते हैं। भाजपा और कांग्रेस की बातों पर मत आना।
अब कांग्रेस भी जातीय जनगणना की बात करने लगे हैं। कांग्रेस ने जातीय जनगणना की बात इसलिए कही, क्योंकि उनका सारा वोट भाजपा में चला गया है। बता दें कि इससे पहले अखिलेश यादव ने इस बात की भी घोषणा की थी कि सपा अगले साल होने वाले लोकसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश की 80 में से 65 सीटों पर चुनाव लड़ेगी।
Published on:
05 Nov 2023 05:24 pm
बड़ी खबरें
View Allचुनाव
ट्रेंडिंग
