मतदान प्रतिशत बढ़ाने को डिजिटल आमंत्रण पत्र
जिले के मतदान प्रतिशत में वृद्धि के लिए जिला प्रशासन ने डिजिटल निमंत्रण पत्र छपवाया है। बिल्कुल मांगलिक कार्यक्रम की तरह लगने वाला ये स्नेह आमंत्रण पत्र एक बारगी भ्रमित कर देगा। पर इसे पढ़ने के बाद लोगों को आकर्षक लग रहा है। इस आमंत्रण पत्र का मजमून है, 'भेज रहे हैं स्नेह निमंत्रण मतदाता तुम्हें बुलाने को, 7 मार्च को भूल न जाना वोट डालने आने को'। ये निमंत्रण पत्र काफी लोकप्रिय हो रहा है। इसमें निमंत्रण पत्र में लिखा है कि आइए, मतदान करें और देश के जिम्मेदार नागरिक बनें। ये ठीक वैसे ही है जैसे किसी वैवाहिक या अन्य मांगलिक कार्यक्रम के कार्ड होते हैं। इसमें सारी जानकारी दी गई है। लिखा है, मतदान दिवस और दिनांक: सोमवार , 7 मार्च 2022। स्थान: आपका मतदान केंद्र। समय: सुबह 7.00 से शाम 6.00 बजे तक। इस निमंत्रण कार्ड के निवेदक हैं, जिला निर्वाचन कार्यालय, वाराणसी।