
UP Assembly Election 2022 10 Hot Seats of UP Fourth Phase
उत्तर प्रदेश में चौथे चरण का मतदान शुरू हो गया है। नौ जिलों की 59 विधानसभा सीटों पर मतदान जारी है। इस बार कुल 624 उम्मीदवार मैदान में हैं। अगर बात 2017 के चुनाव की करें तो इनमें 59 में से 50 सीटें बीजेपी के खाते में गईं। एक सीट बीजेपी के सहयोगी अपना दल (सोनेलाल) ने जीती थी। चार पर सपा और शेष दो सीटें कांग्रेस ने जीती थी। वहीं, बसपा भी दो सीटें जीतने में कामयाब रही थी। इस बार के चुनाव के चौथे चरण में 10 ऐसी सीटें हैं जन पर सबकी निगाहें टिकी होंगी। चौथे चरण में जिन नौ जिलों में चुनाव होने हैं, उनमें से कई जिले कभी कांग्रेस का गढ़ हुआ करते थे। ऐसे में कांग्रेस के सामने अपने गढ़ को दोबारा वापस पाने की चुनौती है, तो बीजेपी के सामने पुरानी सीटों को बचाए रखने की चुनौती है।
इन हॉट सीटों पर सबकी नजर
1- सरोजनी नगर
लखनऊ की सरोजनी नगर सीट इस बार सबसे चर्चित है। यहां से बीजेपी के ईडी के जॉइंट डायरेक्टर रहे राजेश्वर सिंह मैदान में हैं। राजेश्वर हाल ही में वीआरएस लेकर बीजेपी में शामिल हुई हैं। राजेश्वर सिंह के सामने सपा ने अभिषेक मिश्रा को मैदान में उतारा है। बसपा ने मोहम्मद जलीस खान और कांग्रेस ने रुद्र दमन सिंह पर दांव खेला है।
2- लखनऊ पूर्व
लखनऊ पूर्व सीट से योगी सरकार के मंत्री आशुतोष टंडन मैदान में हैं। आशुतोष के खिलाफ समाजवादी पार्टी ने अनुराग भदौरिया को मैदान में उतारा है। वह सपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता भी हैं। बसपा की तरफ से आशीष कुमार सिन्हा और कांग्रेस की तरफ से मनोज तिवारी चुनाव लड़ रहे हैं।
3- पुरवा
उन्नाव की पुरवा सीट भी चर्चा में है। कांग्रेस ने यहां से मशहूर शायर मुनव्वर राणा की बेटी उरूसा इमरान राणा को टिकट दिया है। उरूसा के खिलाफ भाजपा ने अनिल सिंह, सपा ने उदय राज और बसपा ने विनोद कुमार को मैदान में उतारा है।
4- लखनऊ कैंट
राजधानी लखनऊ की कैंट विधानसभा सीट भी काफी चर्चा में है। यहां से योगी सरकार के मंत्री बृजेश पाठक मैदान में हैं। बृजेश ने पिछली बार लखनऊ मध्य से चुनाव जीता था। इस बार बीजेपी ने उनकी सीट बदल दी है। बृजेश के खिलाफ समाजवादी पार्टी ने सुरेंद्र सिंह गांधी, बसपा ने अनिल पांडेय और कांग्रेस ने दिलप्रीत सिंह को उम्मीदवार बनाया है।
5- हरदोई
यह सभी हॉट सीटों में से एक है। वर्ष 2017 में सपा के टिकट पर जीत हासिल करने वाले नितिन अग्रवाल इस बार बीजेपी में हैं और वह यहां से चुनाव लड़ रहे हैं। नितिन के खिलाफ सपा ने अनिल वर्मा और बसपा ने आशीष सिंह सोमवंशी को मैदान में उतारा है।
6- हुसैनगंज
फतेहपुर की हुसैनगंज सीट से बीजेपी ने योगी सरकार में कृषिराज्य मंत्री रणवेंद्र प्रताप सिंह उर्फ धुन्नी भैया को टिकट दिया है। योगी के मंत्री के खिलाफ घेरेबंदी के लिए समाजवादी पार्टी ने उषा मौर्या, बसपा ने फरीद अहमद और कांग्रेस ने शिवाकांत को टिकट दिया है।
7- बिंदकी
फतेहपुर की बिंदकी सीट भी यूपी की चर्चा में है। यहां से योगी सरकार में जेल मंत्री जय कुमार सिंह जैकी चुनाव लड़ रहे हैं। वह भाजपा की गठबंधन वाली अपना दल (सोनेलाल) के टिकट पर मैदान में हैं।जैकी के खिलाफ सपा ने राजेश्वर दयाल, बसपा ने सुशील कुमार और कांग्रेस ने अभिमन्यु सिंह को टिकट दिया है। 2017 में यह सीट बीजेपी के खाते में थी।
8- रायबरेली
यह सीट कांग्रेस का गढ़ कही जाती है। इस बार रायबरेली सीट से भाजपा ने कांग्रेस की बागी विधायक अदिति सिंह को मैदान में उतारा है। अदिति ने 2017 में कांग्रेस के टिकट पर यहां से चुनाव जीता था। उनके खिलाफ सपा ने राम प्रताप यादव, बसपा ने मोहम्मद अशरफ और कांग्रेस ने मनीष चौहान को टिकट दिया है।
9- ऊंचाहार
रायबरेली की ऊंचाहार सीट पर बीजेपी ने अपने प्रदेश महामंत्री अमरपाल मौर्या को टिकट दिया है। जबकि सपा ने 2017 में इस सीट पर जीत दर्ज दिलाने वाले अपने विधायक मनोज कुमार पांडेय पर भरोसा जताया है। बसपा से अंजलि मौर्या और कांग्रेस से अतुल सिंह प्रत्याशी हैं।
10- तिंदवारी
बांदा की तिंदवारी सीट पर 2017 में भाजपा के टिकट पर चुनाव जीतने वाले बृजेश प्रजापति ने स्वानी प्रसाद मौर्य के साथ पार्टी छोड़कर सपा का दामन थाम लिया। बृजेश को सपा ने अपना प्रत्याशी बनाया है। वहीं, बीजेपी ने रामकेश निषाद को मौका दिया है। बसपा ने जयराम सिंह और कांग्रेस ने आदिशक्ति को मैदान में उतारा है।
Published on:
23 Feb 2022 12:56 pm
बड़ी खबरें
View Allचुनाव
ट्रेंडिंग
