
आगरा में संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस
UP Assembly Elections 2022: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव और राष्ट्रीय लोक दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष जयंत चौधरी ने आज आगरा में संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस के जरिए विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी-राष्ट्रीय लोक दल गठबंधन के प्रत्याशियों को भारी मतों से जिताने की अपील की। दोनों नेताओं ने समाजवादी विजय रथ यात्रा से मतदाताओं के बीच पहुंचकर भी गठबंधन के प्रत्याशियों को जिताने के लिए समर्थन मांगा। मीडिया को संबोधित करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि विधानसभा चुनाव में जनता नफरत की राजनीति और समाज के बांटने वालों का सफाया करेगी। मुख्यमंत्री जी को वापस उत्तराखण्ड भेजा जाएगा। उन्होंने कहा कि यह चुनाव लोकतंत्र और संविधान को बचाने का है। बाबा साहब भीमराव अंबेडकर ने जो संविधान दिया जनता को उससे हक और अधिकार मिल रहा है। भाजपा के लोग उसे खत्म करना चाह रहे हैं।
अखिलेश यादव ने कहा कि महंगाई और भाजपा सरकार की गलत नीतियों के कारण किसानों की आय दुगनी नहीं हुई। डीजल, पेट्रोल, रसोई गैस के साथ साथ खाने पीने की चीजों के दाम भी भाजपा सरकार में बहुत बढ़ गए सरकार गरीबों और किसानों के साथ नहीं है, यह बड़े लोगों और उद्योगपतियों के साथ खड़ी है। दाल, अनाज और सरसों का तेल समेत सभी वस्तुओं के दाम बढ़ गए हैं जिससे जनता बेहद परेशान।
उन्होंने कहा कि बीजेपी सरकार इस बार के बजट को अमृत बजट बता रही है तो क्या पहले के बजट जहर के समान थे। भाजपा जनता को धोखा देने के लिए तरह-तरह के हथकंडे अपनाती है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जी विधानसभा में भी असंसदीय शब्दों का प्रयोग करते हैं। जनता के बुनियादी सवालों से बचने के लिए इसी तरह की भाषा बोलते हैं। मुख्यमंत्री गर्मी निकालने की बात करते हैं, क्या वह फ्रिज का कंप्रेसर हैं? उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार किसी की नहीं है। न नौजवानों की है न किसानों की। इसने हर वर्ग को अपमानित किया है।
जयंत चौधरी ने कहा कि बाबा साहब भीमराव अंबेडकर ने जो सामाजिक लड़ाई लड़ी, संविधान दिया, उससे नागरिकों को अधिकार मिले, उन अधिकारों को बचाए रखने और लोकतांत्रिक मूल्यों सिद्धांतों को बनाए रखने के लिए यही गठबंधन एकमात्र विकल्प है। उन्होंने कहा कि बुलडोजर की धमकी और गर्मी निकाल देने जैसी भाषा से आगरा और उत्तर प्रदेश का विकास नहीं हो सकता।
जयंत ने कहा कि प्रदेश की किसान और नौजवान ने अपना मन बना लिया है दोनों सकारात्मक बदलाव चाहते हैं। भाजपा सरकार में ठगा महसूस कर रहे हैं। उनके साथ भाजपा सरकार ने छल किया है। झूठे वादे किए। इलाहाबाद विश्वविद्यालय में छात्रों को पुलिस से पिटवाया गया।
Published on:
04 Feb 2022 09:09 pm
बड़ी खबरें
View Allचुनाव
ट्रेंडिंग
