चुनाव

UP Assembly Elections 2022 : सपा के लोग जेल और बेल से यूपी के विकास को डिरेल करना चाहते हैं: गौरव भाटिया

UP Assembly Elections 2022 : भाजपा प्रवक्ता गौरव भाटिया ने कहा कि सपा ने 2012 में जो वादे अपने घोषणापत्र में किए थे, उसे भी हमने ही पूरा किया। उनका चरित्र है, ऐसा कोई सगा नहीं है, जिसे सपा ने ठगा नहीं। जब भाजपा सरकार आई तो गन्ना किसानों का 11 हजार करोड़ रुपये बकाया था। पिछले पांच वर्षों में हमने इस बकाये के साथ डेढ़ लाख करोड़ का भुगतान किया।

2 min read
Jan 28, 2022

UP Assembly Elections 2022 : भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता गौरव भाटिया ने शुक्रवार को समाजवादी पार्टी पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि सपा सांसद आजम खान जेल में हैं, दो साल से बेल नहीं मिल रही है। इनके ऊपर 165 मुकदमे हैं। सपा में जो किसानों की जमीन हड़पता है, उसे टिकट दिया जाता है। उनके पुत्र अबदुल्ला बेल पर अभी आए हैं और किसानों की जमीन हड़पना चाहते हैं। ये लोग जेल और बेल से उत्तर प्रदेश के विकास को डिरेल करना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी ने प्रदेश में गुंडाराज की जगह रामराज्य कायम किया। पहले की सरकार में पुलिस आजम खान की भैंसे ढूंढ़ने तो जा सकती थी, पर महिला की अस्मिता के लिए नहीं खड़ी हो सकती थी। इसका आदेश ऊपर से आता था। आज वर्दी का रसूख है।

पलायन कराने वालों को सपा टिकट देती है

यूपी बीजेपी मुख्यालय में पत्रकारों से बात करते हुए गौरव भाटिया ने कहा कि माफिया और बाहुबली आज सलाखों के पीछे हैं। दो हजार करोड़ की संपत्ति जब्त हुई है। जिसकी संपत्ति पर बुलडोजर चलाया गया, सपा उसे टिकट दे रही है। जो कैराना में पलायन करा रहे थे, सपा उनको टिकट देती है। मुजफ्फरनगर दंगे से जाट समुदाय को भारी ठेस लगी थी। दंगे के दौरान महिलाओं पर अत्याचार करने वालों को छोड़ने के लिए सपा के मंत्री फोन कर रहे थे।

यूपी में अब कानून का डर है

जब मुजफ्फरनगर दंगे हुए तो 65 हजार से ज्यादा महिलाएं और बच्चे टेंट में थे, उस वक्त अखिलेश यादव सैफई महोत्सव में आनंद ले रहे थे। वहीं कोरोना महामारी के दौरान मुख्यमंत्री योगी घर-घर अनाज और लोगों के इलाज के इंतजाम में लगे थे। उत्तर प्रदेश ने सबसे खराब मुख्यमंत्री से सबसे अच्छे मुख्यमंत्री का सफर तय किया है। आज कानून का डर है, भय का वातावरण खत्म हुआ है। पिछले पांच सालों में यह बदलाव आया है।

सपा सरकार ने वादे पूरे नहीं किए

उन्होंने कहा कि सपा का वादा था कि लागत मूल्य पर 50 फीसदी जोड़कर एमएसपी दिया जाएगा। कर्ज माफी की जाएगी। उन्होंने तो नहीं किया पर योगी सरकार ने 36 हजार करोड़ का कर्ज माफ किया। सपा का वादा था कि किसानों की फसल का बीमा करेंगे। किसानों को मुआवजा के एवज में एक रूपये का चेक दिया गया जबकि हमारी सरकार ने फसल बीमा योजना में 2208 करोड़ की क्षतिपूर्ति की। हमारी सरकार में 427 लाख टन का रिकार्ड चीनी उत्पादन हुआ और 20 चीनी मिलों का आधुनिकीकरण किया गया, जबिक सपा-बसपा में 21 चीनी मिलें बंद हुईं।

Published on:
28 Jan 2022 07:11 pm
Also Read
View All

अगली खबर