
UP Assembly Elections 2022 : यूपी के मुख्य निर्वाचन अधिकारी अजय कुमार शुक्ला ने बताया कि उत्तर प्रदेश विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2022 के लिए छठवें चरण के मतदान के लिए 4 फरवरी (शुक्रवार) को नोटिफिकेशन जारी किया जायेगा। उन्होंने बताया कि इसके साथ ही छठवें चरण के 10 जिलों में अम्बेडकरनगर, बलरामपुर, सिद्धार्थनगर, बस्ती, संतकबीर नगर, महाराजगंज, गोरखपुर, कुशीनगर, देवरिया एवं बलिया की 57 विधानसभा सीटों के लिये नामांकन पत्र दाखिल करने की प्रक्रिया प्रारम्भ हो जायेगी। छठें चरण की 57 विधान सभा सीटों में कुल 11 विधानसभा सीटें अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित हैं।
2.14 करोड़ से अधिक मतदाता करेंगे वोटिंग
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि 5 जनवरी को प्रकाशित मतदाता सूची के अनुसार छठें चरण में कुल 2,14,62,816 (दो करोड़ चौदह लाख बासठ हजार आठ सौ सोलह) मतदाता हैं। इसमें 1,14,63,113 पुरूष मतदाता, 99,98,383 महिला मतदाता तथा 1320 थर्ड जेंडर के मतदाता शामिल हैं। उन्होंने बताया कि मतदान का समय प्रातः 7 बजे से शाम 6 बजे तक निर्धारित किया गया है।
11 फरवरी है नामांकन की अंतिम तिथि
यूपी के मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा घोषित चुनाव कार्यक्रम के अनुसार छठें चरण के नामांकन की अन्तिम तिथि 11 फरवरी (शुक्रवार) है। नामांकन की जांच 14 फरवरी (सोमवार) को की जायेगी तथा 16 फरवरी (बुधवार) को नाम वापसी की अंतिम तिथि निर्धारित की गयी है। छठें चरण का मतदान 3 मार्च (गुरुवार) को सम्पन्न होगा तथा 10 मार्च (गुरुवार) को मतगणना होगी।
इन सीटों के लिए 3 मार्च को होगा मतदान
यूपी के सीईओ ने बताया कि निर्वाचन कार्यक्रम के अनुसार 4 फरवरी को छठें चरण की जिन 57 विधानसभा सीटों के लिये नामांकन की प्रक्रिया प्रारम्भ होगी उनमें कटेहरी, टांडा, आलापुर (अजा), जलालपुर, अकबरपुर, तुलसीपुर, गैंसड़ी, उतरौला, बलरामपुर (अजा), शोहरतगढ़, कपिलवस्तु (अजा), बांसी, इटवा, डुमरियागंज, हरैया, कप्तानगंज, रूधौली, बस्ती सदर, महादेवा (अजा), मेंहदावल, खलीलाबाद, धनघटा (अजा), फरेंदा, नौतनवा, सिसवा, महराजगंज (अजा), पनियरा, कैम्पियरगंज, पिपराइच, गोरखपुर शहर, गोरखपुर ग्रामीण, सहज़नवा, खज़नी (अजा), चौरी-चौरा, बांसगांव (अजा), चिल्लूपार, खड्डा, पडरौना, तमकुही राज, फाज़िलनगर, कुशीनगर, हाटा, रामकोला (अजा), रूद्रपुर, देवरिया, पथरदेवा, रामपुर कारखाना, भाटपार रानी, सलेमपुर (अजा), बरहज, बेल्थरा रोड (अजा), रसड़ा, सिकन्दरपुर, फेफना, बलिया नगर, बांसडीह एवं बैरिया विधानसभा सीट शामिल हैं।
Published on:
03 Feb 2022 06:34 pm
बड़ी खबरें
View Allचुनाव
ट्रेंडिंग
