
Nitin Gadkari Launches India’s First Double-decker Switch EiV 22 Electric Bus
केंद्रीय सड़क और परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने आज गुरुवार को मुंबई में भारत की पहली डबल डेकर एसी इलेक्ट्रिक बस को लॉन्च किया है। मंत्री ने अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल पर तस्वीरों को कैप्शन के साथ साझा किया, “सतत क्रांति की शुरुआत! आज मुंबई में अशोक लीलैंड की इलेक्ट्रिक डबल डेकर बस को लॉन्च करते हुए मुझे बहुत खुशी हो रही है।”
बता दें कि, इस इलेक्ट्रिक बस का निर्माण अशोक लीलैंड ने किया है और इसे अत्याधुनिक फीचर्स से लैस किया गया है। ये डबल डेकर बस, जिसे स्विच ईआईवी 22 (Switch EiV 22) कहा जाता है, सितंबर के महीने से काम करना शुरू कर देगी।
'आत्मनिर्भर भारत' अभियान को बढ़ावा देने के लिए, इस इलेक्ट्रिक बस को पूरी तरह से भारत में डिजाइन, विकसित और निर्मित किया गया है। कंपनी द्वारा जारी बयान के अनुसार, "स्विच ईआईवी 22 में एडवांस तकनीक, अल्ट्रा-आधुनिक डिजाइन, हाई-सिक्योरिटी और यात्रियों के आरामदेह सफर को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। कंपनी का कहना है कि ये इलेक्ट्रिक डबल-डेकर बस देश में सार्वजनिक परिवहन में क्रांति लाने के लिए डिज़ाइन किया गया है और यह इंट्रा-सिटी बस बाजार में नए मानक स्थापित करेगी।"
इस इलेक्ट्रिक बस को लॉन्च करने के दौरान मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि, "देश की परिवहन प्रणाली को दीर्घकालिक दृष्टिकोण से बदलने की जरूरत है। शहरी परिवहन में सुधार पर ध्यान देने के साथ, हम ज्यादा से ज्यादा यात्रियों के लिए इंटिग्रेटेड इलेक्ट्रिक व्हीकल मोबिलिटी इकोसिस्टम बनाने की कोशिश कर रहे हैं।"
स्विच ईआईवी देश की पहली प्योर इलेक्ट्रिक डबल डेकर बस है जिसे विशेष रूप से भारतीय बाजार के लिए डिज़ाइन किया गया है। डबल-डेकर इलेक्ट्रिक बस सिंगल-डेकर बस की तुलना में दोगुना यात्रियों को एक जगह से दूसरी जगह ले जा सकती है। डबल-डेकर बस के निर्माण में आर्किटेक्चर 650 V सिस्टम का उपयोग किया गया है। स्विच इंडिया को पहले ही मुंबई के लिए 200 इलेक्ट्रिक डबल-डेकर बसों का ऑर्डर मिल चुका है और वह देश के प्रमुख क्षेत्रों में इलेक्ट्रिक डबल-डेकर सेगमेंट में जगह बनाने की तैयारी में है।
कैसी है नई Switch EiV 22:
इस डबल डेकर बस में इसके साइज के अनुसार ही परमानेंट मैग्नेट इलेक्ट्रिक मोटर का इस्तेमाल किया गया है जो कि 235Kw की क्षमता का पीक पावर और 140Kw का कंटीन्यअस पावर प्रदान करता है। एडवांस लिथियम बैटरी पैक से लैस इस बस को फुल चार्ज होने में तकरीबन 3 घंटे का समय लगता है। इस बस में एक साथ 65 से ज्यादा लोग बैठ सकते हैं औेर पूरे बस में एसी की विशेष सुविधा भी उपलब्ध है। कंपनी द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार ये बस एक दिन में तकरीबन 250 किलोमीटर तक का ड्राइविंग रेंज देती है, हालांकि ये चार्जिंग और जरूरतों पर निर्भर करता है।
Published on:
18 Aug 2022 08:34 pm
बड़ी खबरें
View Allइलेक्ट्रिक व्हीकल्स
ऑटोमोबाइल
ट्रेंडिंग
