उत्तर प्रदेश सरकार ने गुरुवार को भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) के 13 अधिकारियों का स्थानांतरण कर दिया। आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि पुलिस महानिदेशक तकनीकी सेवाएं महेन्द्र मोदी को पुलिस महानिदेशक विशेष जांच के पद पर भेजा गया है, जबकि जी एन मीना को पुलिस महानिदेशक विशेष जांच के कार्यभार से मुक्त कर पुलिस महानिदेशक/कमांडेंट जनरल होमगार्ड बनाया गया है। उन्होंने बताया कि पुलिस महानिदेशक भ्रष्टाचार निवारण संगठन विश्वजीत महापात्र का तबादला पुलिस महानिदेशक फायर सर्विस के पद पर किया गया है। अपर पुलिस महानिदेशक अपराध संजय सिंहल को अपर पुलिस महानिदेशक रेलवे बी के मौर्य के स्थान पर भेजा गया है, जबकि मौर्य का तबादला अपर पुलिस महानिदेशक लॉजिस्टिक्स के पद पर कर दिया गया है।