
Mirzapur The Film: लोकप्रिय वेब सीरीज में से एक ‘मिर्जापुर’ एक नई कहानी के साथ फिल्म के रूप में रिलीज होने के लिए तैयार है। सोशल मीडिया पर फिल्म का टीजर शेयर कर कालीन भैया (पंकज त्रिपाठी) ने दर्शकों को जानकारी दी। इस फिल्म में पंकज त्रिपाठी, अली फजल और दिव्येंदु दमदार किरदार निभाते नजर आएंगे।
निर्माताओं ने सोमवार को ‘मिर्जापुर द फिल्म’ की घोषणा की। पुनीत कृष्णा द्वारा निर्मित और गुरमीत सिंह द्वारा निर्देशित फिल्म साल 2026 में रिलीज होने वाली है। फिल्म में मिर्जापुर के लोकप्रिय किरदार कालीन भैया (पंकज त्रिपाठी), गुड्डू पंडित (अली फजल) और मुन्ना त्रिपाठी (दिव्येंदु) के साथ-साथ सीरीज में कंपाउंडर की भूमिका निभाने वाले अभिषेक बनर्जी भी नजर आएंगे।
'मिर्जापुर' फिल्म को लेकर प्रोडक्शन कंपनी एक्सेल एंटरटेनमेंट के रितेश सिधवानी और फरहान अख्तर ने कहा ‘हमारे लिए एक बार फिर से अपने दर्शकों के लिए मिर्जापुर को बड़े पर्दे पर नए चैप्टर संग लाने का अनुभव शानदार है। तीन सफल सीजन के साथ सीरीज दर्शकों के बीच खासा लोकप्रिय है।
कालीन भैया, गुड्डू भैया और मुन्ना भैया जैसे कलाकार आज घर-घर में लोकप्रिय हैं। फिल्म का निर्माण अमेजन एमजीएम स्टूडियो और एक्सेल एंटरटेनमेंट द्वारा किया गया है। प्राइम वीडियो इंडिया के कंटेंट निदेशक मनीष मेघानी ने कहा हमारा मानना है कि इस तरह की अहम सीरीज को फिल्म में बदलना निस्संदेह इसे और भी अधिक मनोरंजक बना देगा, जिससे दर्शक खुद को मिर्जापुर की दुनिया में पहले की तरह खोया पाएंगे।
उन्होंने कहा हम एक बार फिर शानदार सिनेमाई अनुभव देने के लिए तत्पर हैं, जो प्रशंसकों की उम्मीदों पर खरा उतरेगा। हमें अपने दर्शकों के पसंद के कंटेंट को तैयार करने में गर्व महसूस होता है। हम मिर्जापुर को सिनेमाघरों में उतारने के लिए उत्साहित हैं, जो दर्शकों को एक रोमांचक सिनेमाई अनुभव देगा।
Updated on:
28 Oct 2024, 2:38 PM IST
Published on:
28 Oct 2024, 2:38 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.