
Hollywood Strike
Hollywood Stike: इस साल के मई में शुरू हुई राइटर्स गिल्ड ऑफ अमरीका की हड़ताल में स्क्रीन एक्टर्स गिल्ड-अमेरिकन फेडरेशन ऑफ टेलीविजन एंड रेडियो आर्टिस्ट्स के हड़ताल में शामिल होने के बाद से हॉलीवुड पूरी तरह से ठप पड़ गया है। हॉलीवुड में हड़ताल का यह किस्सा नया नहीं है। इससे पहले वर्ष 1980 में स्क्रीन एक्टर्स गिल्ड ने ऐसी ही हड़ताल की थी। वहीं वर्ष 1960 में राइटर्स गिल्ड ऑफ अमरीका(WGA) और स्क्रीन एक्टर्स गिल्ड संयुक्त हड़ताल कर चुके हैं।
हॉलीवुड में चल रही इस हड़ताल को कई भारतीय सितारों का समर्थन मिल रहा है। समर्थन देने वालों में दीपिका पादुकोण, प्रियंका चोपड़ा, आदिल हुसैन और विवेक अग्निहोत्री जैसे कई भारतीय हस्तियों का नाम शामिल है। एक समय पर ऐसी ही एकजुटता हिंदी फिल्म इंडस्ट्री में भी देखी गई थी। इस दौरान बॉलीवुड के कई कलाकार महीने भर की हड़ताल पर चले गए थे।
वर्ष 1986 में महाराष्ट्र सरकार ने एक घोषणा करते हुए मूवी टिकटों पर 177% का सिनेमा सरचार्ज लगा दिया। सरकार के इस फैसले के बाद महाराष्ट्र के सिनेमाघरों में बेचे जा रहे टिकटों पर 177% राज्य सरचार्ज में छूट की मांग को लेकर पूरी फिल्म इंडस्ट्री 10 अक्टूबर को हड़ताल पर चली गई। इस दौरान उन्होंने फिल्म निर्माण पर लगाए गए 4% राज्य बिक्री कर को खत्म करने की भी मांग की। हड़ताल के बारहवें दिन 21 अक्टूबर को लगभग 150 कारों का एक मल्टीस्टारर काफिला शिवाजी पार्क क्षेत्र में एकत्र हुआ जिसमें निर्माता, निर्देशक, वितरक, अभिनेता, गायक, गीतकार और तकनीशियन शामिल थें।
इस हड़ताल में सुनील दत्त, देव आनंद, राज बब्बर, अनिल कपूर, गोविंदा, मीनाक्षी शेषाद्रि, शबाना आजमी जैसे कलाकारों के साथ लगभग 1.5 लाख लोग शामिल हुए थे और राजेश खन्ना एक्शन कमेटी के प्रेस संयोजक थे। इस हड़ताल के शुरू होने के बाद कुछ प्रोडक्शन हाउस को महाराष्ट्र के बाहर फिल्मों की शूटिंग की अनुमति दी गई थी लेकिन जैसे ही इस अभियान ने जोर पकड़ा, सभी उद्योग लगभग ठप हो गए। रिपोर्ट्स के अनुसार हड़ताल से लगभग 200 फिल्मों का काम बंद हो गया था और लगभग 54 करोड़ रुपए का निवेश रुक गया। साथ ही लगभग 1,50,000 लोगों का काम बंद हो गया था।
कुछ दिनों बाद महाराष्ट्र के तत्कालीन मुख्यमंत्री एसबी चव्हाण ने सुनील दत्त और अमिताभ बच्चन जो उस वक्त संसद सदस्य हुआ करते थे, उनके साथ छह घंटे तक बातचीत की और एक समझौता हुआ। समझौते में सरकार 177% राज्य सरचार्ज को घटाकर 5% करने पर सहमत हुई। इस तरह भारत में अभिनेताओं की हड़ताल आखिरकार एक महीने के बाद समाप्त हो गई।
Published on:
31 Jul 2023 02:06 pm
बड़ी खबरें
View Allमनोरंजन
ट्रेंडिंग
