
OM NARAYAN GUPTA
इटावा. नुमाइश न दिखाने के चलते अपने पापा से नाराज होकर शिकायत करने के लिए पुलिस स्टेशन पहुंचने वाले इटावा के ओम नरायण गुप्ता की तमन्ना आखिरकार पुलिस ने पूरी ही कर दी। इटावा पुलिस ने ओम नारायण गुप्ता समेत करीब 50 बच्चों को नुमाइश घुमाई। झूले झुलाए। साथ ही इडली-डोसा और आइसक्रीम खिलाई। पुलिस के इस बदले हुए रूप की चहुंओर प्रशंसा हो रही है। नुमाइश घूमने के दौरान बच्चे बहुत खुश नजर आ रहे थे। बच्चों ने नुमाइश घुमाने के लिए इटावा पुलिस को धन्यवाद भी दिया है। बताते चलें कि ओम की मासूमियत के चलते सोशल मीडिया में ओम का वीडियो खूब वायरल हुआ। शिकायत के लिए पुलिस के पास पहुंचने वाले ओम ने ये बात एक बार फिर साबित कर दी कि बच्चे मासूम होते हैं। उनके मासूम मन पर लगने वाली चोट का असर कितना गहरा पड़ता है।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था वीडियो
दरअसल, सोशल मीडिया पर इटावा निवासी अमरनाथ गुप्ता के बेटे ओम नरायण गुप्ता का एक वीडियो वायरल हुआ, जिसमें वह अपने पापा की शिकायत करने के लिए पुलिस थाने पहुंचा था। वीडियो में ओम कहता है, 'मैंने उनसे (पापा) नुमाइश दिखाने के लिए कहा तो उन्होंने जाने नहीं दिया और मुझे मारा भी है।' पुलिसवाले उससे पूछते हैं कि तुम यहां क्यों आए हो, तो वह कहता है, 'उन्होंने कहा जो कर पाओ कर लो। हम चाहते हैं कि आप कह दो तो वह हमें नुमाइश दिखाने ले जाएंगे।' बच्चा आगे बताता है कि रविवार को दुकान बंद रहती है, लेकिन तब भी वह घर पर नहीं रुकते हैं। मम्मी कहती रहती हैं कि घर पर रुको, मगर 5-6 घंटे के लिए निकल जाते हैं। इस वीडियो के वायरल होने के बाद ओम सुर्खियों में आ गया।
नुमाइश में बच्चों ने की खूब मस्ती
प्रकरण के सामने आने के बाद इटावा पुलिस ने ओम के साथ-साथ अन्य गरीब बच्चों को भी नुमाइश दिखाने का फैसला किया। इटावा के एसएसपी के आदेश पर प्रभारी निरीक्षक कोतवाली अनिल कुमार और महिला एसओ सुभद्रा वर्मा के साथ गरीब बच्चों की खोजबीन की गई। करीब 50 बच्चों को एक मिनी बस से नुमाइश ले जाया गया। यहां बच्चों को झूला झुलाया गया और उन्हें चाट, पकौड़ी, इडली, डोसा, गोलगप्पे खिलाए गए। इसके बाद इन बच्चों को उनके मां-बाप के सुपुर्द कर दिया गया। नुमाइश घूमने के बाद ओम बेहद खुश हो गया। ओम के साथ उसके पापा भी आए थे।
Updated on:
08 Jan 2018 12:25 pm
Published on:
08 Jan 2018 12:04 pm
बड़ी खबरें
View Allइटावा
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
