7 मई 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

इटावा में दर्दनाक सड़क हादसा: 22 वर्षीय युवक की मौत, एक माह पहले खरीदी थी नई बाइक

Etawah News:इटावा के चौबिया क्षेत्र में बीना-सैफई मार्ग पर सड़क हादसे में 22 वर्षीय रमन कठेरिया की मौत हो गई। वह नई बाइक से जा रहा था। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

2 min read
Google source verification

इटावा के चौबिया थाना क्षेत्र में सड़क हादसे में 22 वर्षीय युवक की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया, जबकि पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, ग्राम कटैयापुर निवासी रमन कठेरिया बुधवार रात करीब 10:30 बजे अपनी बाइक से बीना-सैफई मार्ग पर जा रहा था। इसी दौरान एक इंटर कॉलेज के पास उसकी बाइक अचानक दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसा इतना भीषण था कि युवक गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा और मौके पर ही अचेत हो गया।

घटना की जानकारी आसपास से गुजर रहे राहगीरों ने तत्काल पुलिस को दी। सूचना मिलते ही कर्री चौकी इंचार्ज मान सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घायल युवक को एंबुलेंस के जरिए तत्काल सैफई अस्पताल भिजवाया गया। हालांकि, अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

परिजनों के अनुसार रमन ने करीब एक माह पहले ही नई बाइक खरीदी थी और वह सामान्य रूप से अपने दैनिक कार्य के लिए बाहर निकला था। लेकिन देर रात हादसे की सूचना मिलने के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। घर में चीख-पुकार मच गई और परिजन रोते-बिलखते अस्पताल पहुंच गए।

पुलिस का कहना है कि हादसे के कारणों की स्पष्ट जानकारी अभी सामने नहीं आई है। प्रारंभिक जांच में यह संभावना जताई जा रही है कि या तो किसी अज्ञात वाहन की टक्कर से दुर्घटना हुई है या फिर बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर फिसल गई। हालांकि, वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस सीसीटीवी फुटेज और स्थानीय लोगों से पूछताछ कर रही है।

थानाध्यक्ष महेंद्र सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घायल को तत्काल अस्पताल भेजा था, लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। उन्होंने कहा कि शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है।

इस हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है और स्थानीय लोग सड़क सुरक्षा को लेकर चिंता जता रहे हैं।