
Haryana Tourism Day
चंडीगढ़। हरियाणा के पर्यटन मंत्री रामबिलास शर्मा ने बताया कि हरियाणा पर्यटन निगम द्वारा राज्य में एक सितंबर से 4 सितंबर, 2016 तक 43 वां हरियाणा पर्यटन दिवस मनाया जाएगा और इस दौरान प्रदेश के सभी पर्यटन परिसरों में खाना व कमरे के किराए में 10 प्रतिशत डिस्काऊंट दिया जाएगा।
शर्मा ने बताया कि इन चार दिनों में पर्यटन परिसरों में कई गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। उन्होंने यह भी बताया कि राज्य के प्रसिद्ध पर्यटक परिसर रेड बिशप पंचकुला, सनबर्ड मोटल सूरजकुंड और एथनिक इंडिया राई पर्यटक परिसर में फूड फैस्टिवल आयोजित किए जाएंगे। फूड फैस्टिवल में साऊथ इंडियन चाईनिज, राजस्थानी, मुगलाय, हैदराबादी और पंजाबी खाद्य वस्तुओं के विभिन्न किस्म के स्टाल स्थापित किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि आई.एच.एम पानीपत को छोडक़र होटल प्रबंधन के बाकी सभी संस्थान भोजन के अपने स्टाल उक्त स्थानों पर स्थापित करेंगे। आई.एच.एम पानीपत द्वारा उक्त तीनों पर्यटक परिसरों में बेकरी स्टॉल स्थापित किया जाएगा।
पर्यटन मंत्री ने बताया कि हरियाणा पर्यटन दिवस के अवसर पर इन गतिविधियों के अलावा प्रतिष्ठित कलाकारों द्वारा सांस्कृतिक संध्या का भी आयोजन किया जाएगा और स्कूली बच्चों की लोक नृत्य प्रतियोगिता, चित्रकला प्रतियोगिता, रंगोली प्रतियोगिता, फेस पेंटिंग प्रतियोगिता, निबंध लेखन प्रतियोगिता, पर्यटन बारे प्रश्नोत्तरी,वरिष्ठ नागरिकों की वॉक प्रतियोगिता तथा वृक्षारोपण प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि पर्यटन परिसरों में पर्यटकों के साथ आने वाले बच्चों को मिठाई,छोटे उपहार, गुब्बारे, बिस्कुट दिए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि हरियाणा पर्यटन दिवस के दौरान पंचकुला के रेड बिशप पर्यटक परिसर में एक शिल्प बाजार लगाया जाएगा और राज्य के सभी पर्यटन परिसरों पर प्रकाश की समुचित व्यवस्था और स्वागत बैनर लगाए जाएंगे।
Published on:
24 Aug 2016 12:39 pm
बड़ी खबरें
View Allट्रेंडिंग
