
BJP MP Mukesh Rajput
फर्रुखाबाद. क्या उत्तर प्रदेश वाकई सुरक्षित हाथों में है। यह सवाल इसलिए भी उठ रहा है, क्योंकि सत्ताधारी पार्टी का सांसद व उसका पारिवार अपनी सरकार और अपने ही शहर में असुरक्षित है। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) इस वादे के साथ यूपी की सत्ता में आई की सूबे से अपराधी और अपराधीकरण को जड़ से खत्म किया जाएगा। कानून का राज होगा। लेकिन जैसे-जैसे वक्त बीतता जा रहा है, लोगों का शक भी यकीन में बदलता जा रहा है कि सत्ता के सिंहासन पर बैठने वालों के सिर्फ चेहरे बदले हैं, उनकी चाल वैसी ही है, जैसी पिछली सरकारों की थीं।
पुलिस ने मेडिकल कराने के बाद मामला किया दर्ज
अपनी ही सरकार की पहले भी खामियां गिना चुके फर्रुखाबाद सांसद के परिवार को तो जैसे किसी की नजर लग गई है। पहले ही अपने एक बेटे की पुलिस से पिटाई के मामले में सुर्खियों में रहे बीजेपी सांसद मुकेश राजपूत एक बार सुर्खियों में हैं और इस बार वजह बना उनका छोटा बेटा। सूत्रों के मुताबिक सांसद मुकेश राजपूत का छोटा बेटा अर्पित सातनपुर मंडी की सामने बनी अपनी गोदाम से लौट रहा था। रास्ते में एक होटल पर कुछ लोगों ने में विवाद हो रहा था। विवाद को देख अर्पित वहां रुक गए और मामले में बीच बचाव करने लगा। इतने में आरोपियों ने अर्पित की पिटाई शुरू कर दी और उन पर फायरिंग कर दी। धक्का-मुक्की में अर्पित जमीन पर गिर पड़ा और आरोपी उसे मरा समझकर वहां से भाग गए। फिलहाल मामले में सांसद पुत्र का मेडिकल कराने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। अब चूंकि मामला भाजपा सांसद के परिवार का है। ऐसे में पुलिस सरगर्मी से आरोपियों की तलाश कर रही है।
अपनी ही सरकार में असुरक्षित
सांसद को तो जैसे किसी की नजर लग गई। अपनी ही सरकार में खुद निशाने पर हैं। पहले बड़े बेटे की पुलिस ने पिटाई कर दी, अब छोटे बेटे को दबंगों ने पीट दिया। सांसद राजपूत दूसरे की पत्नी के अपहरण का आरोप भी झेल चुके हैं। बड़े बेटे के मामले में पुलिस कठघरे में थी और अब छोटे बेटे के मामले में पुलिस खाली हाथ कर फिर कठघरे में है। सांसद भी कोसें तो किसे। दोष दें तो किसे। अपनी ही सरकार है, इसलिए वह सरकार पर टिप्पणी नहीं कर सकते।
मेरे परिवार पर हो रहे हमले सपा नेताओं की देन
भाजपा सांसद मुकेश राजपूत ने बताया कि हमारे परिवार पर जो हमले हो रहे हैं, उसके पीछे समाजवादी पार्टी के नेताओं का हाथ है। उन्होंने कहा कि सुबोध यादव मेरे साथ या मेरे परिवार के साथ होने वाली सभी घटनाओं में शामिल है। जैसे वह अपनी सरकार में गुंडागर्दी करते रहे, वैसे ही अभी करना चाहते हैं, लेकिन घटना से एसपी को अवगत करा दिया गया है। पुलिस पुलिस जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लेगी।
Published on:
26 Sep 2017, 8:56 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.