फर्रुखाबाद. फर्रुखाबाद में शहीद मणीन्द्र नाथ बनर्जी के 85वीं पुण्य तिथि पर आयोजित कार्यक्रम में शहीद मणीन्द्र नाथ के जीवन की वीर गाथा से सबक लेने की जरूरत पर प्रकाश डाला गया| वहीं क्रांतिकारियों व उनके वंशजों को सम्मानित भी किया गया| फतेहगढ़ सेन्ट्रल जेल में बने मणीन्द्र नाथ बनर्जी के प्रतिमा स्थल पर कार्यक्रम का आयोजन किया गया| जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में जिलाधिकारी मोनिका रानी ने पंहुचकर उपमहानिरीक्षक कारागार वीपी त्रिपाठी के साथ उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण किया| उसके बाद शहीद उपवन में भी शहीद ज्योति पर पुष्पांजलि अर्पित की|
शहीद उपवन में ही डीएम ने पौधारोपण भी किया| इसके बाद जिलाधिकारी ने कहा कि आज के युवाओं को मणीन्द्र नाथ बनर्जी जैसे देश भक्त शहीद क्रांतिकारी से सबक लेना चाहिए| उन्होंने कहा कि मणीन्द्र नाथ की वीर गाथा को युवाओं को पढ़ने की जरूरत है| डीआईजी जेल वीपी त्रिपाठी ने कहा की मणीन्द्र की शहादत को आने वाली पीढ़ी हमेशा याद रखेगी| जिले के एक मात्र जीवित स्वतंत्रता संग्राम सेनानी ठा० देव सिंह निवासी ईशेपुर मोहम्मदाबाद व स्वतंत्रता संग्राम सेनानी वंशज बॉबी दुबे, रीतेश शुक्ला, अरविन्द शुक्ला, पंकज दुबे को शॉल पहनाकर सम्मानित किया गया|
मणीन्द्र नाथ बनर्जी की शहादत पर वर्षों से निकाली जा रही पुस्तक ‘कीर्ति गाथा :मुक्ति संग्राम की’ का विमोचन जिलाधिकारी के माध्यम से कराया गया| पत्रिका में मणीन्द्र नाथ बनर्जी के साथ ही बंदी रमेश चन्द्र गुप्ता के बारे में विस्तार से लेख छपे हैं| जिलाधिकारी मोनिका रानी ने जेल के भीतर खोले गये पुस्तकालय का भी शुभारम्भ किया| उन्होंने बताया कि इस पुस्तकालय के माध्यम से बंदियों को लाभ मिल सकेगा| जिससे बंदियों की विचारधारा में भी परिवर्तन आएगा|