
किसानों के लिए बड़ी खुशखबरी, यूपी के आलू अब बिकेंगे विदेश में, इन देशों से हुआ समझौता
उत्तर प्रदेश फर्रुखाबाद का आलू अब दुबई, नेपाल, मलेशिया में बिकेगा। जिससे किसानों को उचित दाम भी मिलेगा। दुबई से एक एमओयू भी साइन किया गया है। योगी शासन में मंत्री दिनेश प्रताप सिंह ने यह जानकारी दी। बोले देश में पैदा होने वाले आलू का 35% उत्तर प्रदेश में पैदा होता है। यूपी में भंडारण की पर्याप्त क्षमता है। विपक्ष भंडारण को लेकर भ्रम फैला रहा है।
आलू की बंपर पैदावार किसानों के लिए घाटे का सौदा बन गया है। आलू की उचित कीमत ना मिल पाने के कारण किसानों में काफी आक्रोश था। विपक्ष ने भी मामले को खूब उठाया। प्रदेश सरकार में उद्यान, कृषि विपणन, कृषि विदेश व्यापार व कृषि निर्यात राज्यमंत्री दिनेश प्रताप सिंह ने कोल्ड स्टोरेज का निरीक्षण किया। कोल्ड स्टोरेज के भंडारण की स्थिति में पूछताछ की।
242 लाख मैट्रिक टन हुआ आलू
उन्होंने कहा कि प्रदेश में 242 लाख मीट्रिक टन आलू हुआ है। कोल्ड स्टोरेज में 162 लाख टन रखने की क्षमता है। जिसमें अब तक 72 प्रतिशत आलू रखा गया है। उन्होंने विपक्ष पर भ्रम फैलाने का आरोप लगाया है। उन्होंने विदेश में भी आलू भेजे जाने की जानकारी दी।
दुबई से हुआ आलू के व्यापार के लिए समझौता
दिनेश प्रताप सिंह ने बताया दुबई से साढ़े चार हजार करोड़ रुपए का एमओयू साइन हुआ है। इसके साथ ही मलेशिया, नेपाल, कतर आदि देशों में भी आलू निर्यात किए जाने की योजना है। नेपाल के लिए जा रहे ट्रक को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। 300 क्विंटल आलू नेपाल भेजा गया है।
कोल्ड स्टोरेज और मंडी का किया निरीक्षण
भ्रमण के दौरान राज्यमंत्री ने एचएम कोल्ड स्टोरेज पीके कोल्ड स्टोरेज श्रीराम कोल्ड स्टोरेज समृद्धि कोल्ड स्टोरेज नवीन आलू मंडी सातनपुर आदि केंद्रों का निरीक्षण किया।
आलू निर्यातक सुधीर कुमार शुक्ला ने बताया कि सातनपुर मंडी आलू की बहुत बड़ी मंडी है। जहां सबसे अधिक आलू आता है। लेकिन आलू व्यापारियों के लिए यहां पर कोई सुविधा नहीं है। आलू निर्यात पैकिंग, ट्रेडिंग के लिए उन्हें जगह भी नहीं दी गई है।
Published on:
16 Mar 2023 10:40 am

बड़ी खबरें
View Allफर्रुखाबाद
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
