
लूडो के झगड़े ने पहुंचाया पुलिस स्टेशन, पत्नी ने पति पर लगाया चीटिंग का आरोप
फर्रुखाबाद. उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद में बोर हो रहे पति-पत्नी लूडो खेलते-खेलते पुलिस स्टेशन पहुंच गए। दरअसल, घर में टाइमपास के लिए पति-पत्नी लूडो खेल रहे थे। इस बीच पत्नी ने पति पर बेईमानी का आरोप लगाया। इसी पर दोनों में बहस शुरू हो गई। दोनों के बीच इतना झगड़ा हुआ कि मामला थाने पहुंचा गया। हालांकि पुलिस ने दोनों को समझाकर वापस घर भेज दिया।
बेईमानी पर झगड़ा
मेरापुर थाना क्षेत्र के एक गांव में लॉकडाउन के दौरान पति पत्नी लूडो खेल रहे थे। दोनों की शादी पांच महीने पहले ही हुई थी। युवक किसान है। लाॅकडाउन होने के कारण इस समय वह खेत पर नहीं जा रहा है। घर में ही रह रहा है। समय काटने के लिए वह अपनी पत्नी के साथ लूडो खेल रहा था। पत्नी ने पति पर बेईमानी से गेम खलने का आरोप लगाया। इसके बाद हंगामा शुरू हुआ।
इसी बीच पत्नी ने 112 नंबर पर फोन करके पुलिस को सूचना दे दी। पुलिस भी तुरंत पहुंच गई। वहां से दोनों को थाने ले आई। पूछताछ में पता चला कि दोनों के बीच लूडो में बेईमानी पर झगड़ा हुआ है। दोनों में मारपीट नहीं हुई बस झग़ड़ा हुआ है। सिपाहियों ने दोनों को किसी तरह से समझाया और वापस घर भेज दिया। थानाध्यक्ष आरके रावत ने बताया कि दोनों को समझा दिया गया है। दोनों एक साथ रहने के लिए राजी हो गए हैं। मामला केवल लूडो के खेलने के विवाद का था।
Published on:
11 Apr 2020 05:05 pm

बड़ी खबरें
View Allफर्रुखाबाद
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
