
Firozabad
फिरोजाबाद। यूं तो आपने फिरोजाबाद जिले का नाम चूड़ियों के मामले में सुना होगा। लेकिन आपको शायद ही पता हो कि फिरोजाबाद में कई ऐसे स्थल भी हैं, यदि उन पर थोड़ा ध्यान दिया जाए तो ये शहर खासे पर्यटन स्थल के रूप में तब्दील हो सकता है। लेकिन अफसोस इस बात का है कि हर बार इस शहर में जो भी सांसद, विधायक, नगर पालिका अध्यक्ष और महापौर चुने जाते हैं, वे चुनाव जीतने के बाद शहर के प्रति उदासीन रवैया अपनाते हैं, जिसके कारण यहां की ऐतिहासिक इमारतें धूल फांक रही हैं। आइए एक नजर डालते हैं, फिरोजाबाद के दर्शनीय स्थलों पर।
छदामीलाल जैन मंदिर
जिले के सुभाष तिराहा पर स्थित है सेठ छदामी लाल जैन मंदिर। शहर के बीचों बीच स्थित इस मंदिर पर यदि ध्यान दिया जाए तो ये पर्यटकों का खासा आकर्षण बन सकता है। इसके अलावा शहर का चंद्रवाड क्षेत्र जो पर्यटन के मामले में किसी भी शहर को पीछे छोड़ सकता है। यहां प्राचीन जैन मंदिर स्थित है। यहां की भूमि मुगल शासकों द्वारा किए गए अत्याचारों का दर्द बयां करती है। यहां आज भी जमीनों से मूर्तियां खुदाई में निकलकर सामने आती हैं। वहीं राजा चन्द्रसेन के महल में उस जमाने के अवशेष आज भी सुरक्षित हैं। मुहम्मद गौरी द्वारा राजा चन्द्रसेन पर किए गए आक्रमण की दास्तां को यहां निकलने वाली मूर्ति बयां करती हैं।
जसराना का परीक्षित कूप
जसराना (पाढ़म) में परीक्षित कूप जो महाभारत कालीन स्थान है। वहीं सांती में भगवान शिव का महाभारत कालीन मंदिर है। जसराना में मां कामाख्या का प्रसिद्ध मंदिर है। इसके अलावा शिकोहाबाद की ईदगाह, सूफी साहब की दरगाह, स्वंतत्रता संग्राम कालीन तिलक भवन आदि पर यदि ध्यान दिया जाए तो ये बेहद खूबसूरत दर्शनीय स्थल के रूप में सामने आ सकते हैं।
कांच उद्योग को बनाया जा सकता है आधार
फिरोजाबाद के कांच उद्योग और कांच हस्तशिल्प की कला को यदि सही तरीके से सामने लाया जाए तो ये इटली में वेनिस के मुरानो टापू के अद्भुत कांच उद्योग स्थल की तर्ज पर विकसित किया जा सकता है। जिस तरह इटली के वेनिस की खूबसूरती देखने जाने वाले पर्यटक मुरानो भी जाते हैं, उसी तरह यदि फिरोजाबाद को ठीक से विकसित किया जाए तो आगरा का ताजमहल देखने वाले पर्यटक फिरोजाबाद भी होकर जाएंगे। इससे शहर का कांच उद्योग भी दूर—दूर तक प्रसिद्ध होगा। साथ ही लोगों के लिए रोजगार के अवसर भी बढेंगे।
Published on:
04 Dec 2017 12:02 pm
बड़ी खबरें
View Allफिरोजाबाद
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
