
पुलिस हिरासत में पकड़े गए आरोपी
पत्रिका न्यूज नेटवर्क
फिरोजाबाद। नकली नोटों का कारोबार करने वाले गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया। पुलिस ने 12 लाख 35 हजार 790 रुपए के नकली नोट समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से मनोरंजन बैंक के नोट भी बरामद हुए हैं। यह गिरोह एक लाख के असली नोट लेकर चार लाख के नकली नोट देने का काम करता था।
यह भी पढ़ें—
असन रोड से पकड़े आरोपी
एसपी सिटी मुकेश चन्द्र मिश्रा ने बताया कि थाना पचोखरा क्षेत्र में नकली नोट का कारोबार करने वाले गिरोह की जानकारी पुलिस को मिली थी। मंगलवार को एसटीएस और पचोखरा पुलिस ने संयुक्त रूप से इसका खुलासा करने की तैयारी की। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने एटा रोड से असन नारखी की ओर एक बाइक पर चार लोगों को पकड़ लिया। तलाशी लेने पर उनके पास से काफी मात्रा में नकली नोट बरामद हुए। पूछताछ में पकड़े गए शातिर ठगों ने पुलिस को बताया कि वह नकली और मनोरंजन बैंक के नकली नोटों की गड्डी के ऊपर असली नोट लगाकर सीधे साधे लोगों को फंसाते थे और उन्हें एक लाख के बदले चार लाख के नकली नोट देते थे।
यह भी पढ़ें—
जेवर के युवक से सीखा नकली नोटों का कारोबार
नकली गड्डी पर असली नोट इसलिए लगाते थे कि गड्डी लेने वाले व्यक्ति को शक न हो। गैंग का सरगना मुकेश उर्फ जैनी विगत 10 सालों से नकली नोटों का कारोबार कर रहा था। सगरना ने पुलिस पूछताछ में कबूल किया कि नकली नोटों का काम उसने जेवर निवासी राकेश से सीखा था। पकड़े गए आरोपियों ने अपने नाम मुकेश उर्फ जैनी पुत्र नत्थीलाल निवासी भक्तिगढ़ी थाना टूंडला, पप्पू पुत्र मुन्नालाल निवासी शक्ति नगर थाना उत्तर फिरोजाबाद, आजाद पुत्र टेकचन्द्र निवासी भक्ति गढ़ी रोड परशुराम नगर थाना टूंडला और विकास पुत्र उरोहतास निवासी लाइनपार टूंडला बताया है। इनके पास से 12 लाख 35 हजार 790 रुपए के नकली नोट और 1730 रुपए के असली नोट के साथ एक मोटरसाइकिल बरामद की है। पकड़ने वाली टीम में थानाध्यक्ष पचोखरा हरवेन्द्र मिश्रा, एसटीएस प्रभारी तेजवीर सिंह समेत अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।
Published on:
19 May 2021 04:19 pm
बड़ी खबरें
View Allफिरोजाबाद
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
