फिरोजाबाद। खाद्य विभाग की टीम द्वारा टूंडला में की गई छापेमारी नगर में चर्चा का विषय रही। माॅल में छह माह पुराना एक्सपायरी सामान मिला। इसके बाद भी टीम बिना कार्रवाई किए वापस लौट गई। टीम द्वारा की गई छापेमारी के बाद भी कोई कार्रवाई ना करना, नगर में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया। लोगों का कहना था कि आखिर छह माह पुराना एक्सपायरी सामान माॅल में क्यों रखा हुआ था। खाद्य विभाग की टीम को जब मौके पर एक्सपायरी सामान मिला तो उनके खिलाफ कार्रवाई क्यों नहीं की गई। खाद्य विभाग की टीम पर सवालिया निशान खड़े होने लगे हैं।
टीम के जाने के बाद कराया सामान नष्ट
टीम के जाने के बाद मॉल कर्मचारियों द्वारा माॅल में रखी हुई एक्सपायरी तारीख की दाल, बेसन और सूजी को नष्ट करा दिया गया। माॅल में इससे पहले भी एक्सपायरी सामान मिला था। उस दौरान टीम ने बेसन और दाल का सैंपल जांच के लिए भेजा था। इसके बाद भी माॅल में एक्सपायरी सामान मिलना खाद्य विभाग की कार्यप्रणाली पर सवालियां निशान खड़े कर रहा है।
छह महीने तक नहीं आएगी टीम
माॅल के मैनेजर आशीष शर्मा ने माॅल में कार्यरत पुराने कर्मचारी पर सूचना देने का दोषारोपण करते हुए कहा कि मैंने टीम को मोटी रकम दी है। अब टीम छह महीने तक इधर झांकेगी नहीं। एक महीने की सेलरी नहीं सकी। माॅल मैनेजर द्वारा कर्मचारी से की गई पूरी बातचीत का आॅडियो वायरल हो गया। आॅडियो में मैनेजर कर्मचारी को देखने की भी धमकी दे रहा है।