फिरोजाबाद। तीन सूत्रीय मांगों को लेकर ग्राम पंचायत व ग्राम विकास अधिकारियों ने शनिवार को सामूहिक उपवास कर विरोध जताया। कर्मचारियों का कहना है कि हर व्यक्ति की इच्छा होती है कि उसे दो जून की रोटी नसीब हो इसलिए आज ही के दिन सामूहिक उपवास पर रहकर सभी पंचायत व ग्राम विकास अधिकारी अपना विरोध जता रहे हैं। यदि उनकी मांग को पूरा नहीं किया गया तो मजबूरन उन्हें उग्र आंदोलन के लिए विवश होना पड़ेगा।
सरकार के विरोध में की नारेबाजी
ग्राम पंचायत व ग्राम विकास अधिकारी एकजुुट होकर विकास भवन पहुंच गए। जहां उन्होंने तीन सूत्रीय मांगों को लेकर सामूहिक उपवास कार्यक्रम शुरू किया। जिलाध्यक्ष जितेन्द्र यादव ने कहा कि सरकार उनकी मांगों को नजर अंदाज कर रही है। हाल ही में उन्होंने तीन दिन हड़ताल कर विरोध प्रदर्शन किया था। उससे पहले उन्होंने काली पट्टी बांधकर विरोध जताया था। प्रदेश नेतृत्व के आह्वान पर शनिवार को पूरे प्रदेश में उपवास कार्यक्रम आयोजित किया गया। सुबह से भूखे प्यासे ग्राम पंचायत व ग्राम विकास अधिकारी हड़ताल पर रहे।
पांच को भी जारी रहेगा आंदोलन
जिलाध्यक्ष ने कहा कि यदि इसके बाद भी सरकार ने उनकी मांगों को नहीं सुना तो वह पांच जून को भी आंदोलन करेंगे। उनकी मांगें जायज हैं। सरकार को इन मांगों पर ध्यान देना चाहिए। उन्होंने कहा कि हम यहां दो जून की रोटी की तलाश में आए हैं। कर्मचारियों की केवल एक ही दरकार, दो जून की रोटी दे सरकार। इस दौरान सचिवों ने सरकार के विरोध में नारेबाजी भी की।