
एमसीआई की इस रिपोर्ट को लेकर सपाइयों ने भाजपा सरकार पर लगाए गंभीर आरोप, देखें वीडियो
फिरोजाबाद। सुहागनगरी में मेडिकल काॅलेज बनने का सपना फिलहाल पूरा होता नजर नहीं आ रहा है। एमसीआई की रिपोर्ट में मेडिकल काॅलेज का कार्य अभी तक पूरा नहीं हो सका है। इसलिए टीम ने सत्र 2018-19 में फिरोजाबाद के अंदर मेडिकल काॅलेज शुरू करने की बात पर विराम लगा दिया है। इस मामले को लेकर सपाइयों ने भाजपा सरकार पर हमला बोला। सपाइयों ने कहा कि मेडिकल काॅलेज लाने की योजना सपा सरकार की है लेकिन भाजपा इसे पूरा नहीं करना चाहती। वह सपा सरकार की किसी भी योजना को पूरा होते नहीं देखना चाहती। इसलिए मेडिकल काॅलेज के कार्य को समय से पूरा नहीं कराया गया।
राजनीति के तहत काम कर रही भाजपा
सपा एमएलसी डाॅ. दिलीप यादव ने कहा कि भाजपा राजनीति के तहत काम कर रही है। फिरोजाबाद को कांच नगरी भी कहते हैं। यहां हजारों की संख्या में मजदूर काम करते हैं। शहर के जिला अस्पताल को यदि मेडिकल काॅलेज का दर्जा दिया जाता तो ये मजदूर वर्ग के लिए अच्छी बात होती। उन्हें और उनके परिवार को बेहतर चिकित्सा प्राप्त हो पाती। उन्होंने भाजपा सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि मेडिकल काॅलेज सपा सरकार मेें लाई गई योजना है। इसकी नींव केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा और सपा के राष्ट्रीय महासचिव प्रो. रामगोपाल यादव ने किया था। निर्माण कार्य के लिए केन्द्र और प्रदेश सरकार से पर्याप्त मात्रा में रूपया आवंटित किया गया था।
समय से नहीं कराया गया कार्य
सपा एमएलसी असीम यादव ने कहा कि भाजपा सरकार नहीं चाहती कि सपा सरकार मेें शुरू हुई कोई भी योजना पूरी हो सके। इसलिए उन्होंने मेडिकल काॅलेज का कार्य समय से पूरा नहीं कराया। ऐसा करके भाजपा सरकार ने इस शहर की जनता और मेडिकल काॅलेज बनने पर यहां मेडिकल में प्रवेश लेने वाले 100 छात्र-छात्राओं और डाॅक्टरों के साथ छलावा किया है। इसका सबक जनता आने वाले लोकसभा और विधानसभा चुनाव में सिखाएगी।
Updated on:
4 Jun 2018, 8:01 PM IST
Published on:
4 Jun 2018, 8:01 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.