
फुटबॉल के महामुकाबले यूरो कप फाइनल में इटली ने इंग्लैंड का सपना तोड़ दिया और खिताब पर अपना कब्जा किया। मैच का फैसला पेनल्टी शूटआउट से हुआ। इसमें इटली ने 3—2 से इंग्लैंड को हराया। वहीं पुर्तगाल के स्टार स्ट्राइकर क्रिस्टियानो रोनाल्डो ने यूरोपीय फुटबॉल चैंपियनशिप में सर्वाधिक पांच गोल करके ‘गोल्डन बूट’ का अवॉर्ड जीता। पुर्तगाल टूर्नामेंट के अंतिम 16 में बेल्जियम से 0-1 से हारकर बाहर हो गया था।
इटली ने दूसर बार जीता यूरो कप
यूरो कप 2020 के फाइनल में इटली और इंग्लैंड की टीमों के बीच खिताब के लिए मुकाबला हुआ। फाइनल मुकाबला काफी रोचक रहा और दोनों टीमें नियमित और अतिरिक्त समय तक 1-1 से बराबरी पर थी। इसके बाद फैसला पेनल्टी शूटआउट से हुआ। इसमें इटली ने इंग्लैंड को हरा दिया। यह दूसरी बार है जब इटली ने यूरो कप का खिताब जीता। इससे पहले इटली ने 1968 में यूरो कप जीता था। वहीं इंग्लैंड ने वर्ष 1966 में विश्व कप में जीत के बाद कोई बड़ा खिताब नहीं जीता है।
रोनाल्डो ने जीता 'गोल्डन बूट'
वहीं पुर्तगाल के क्रिस्टियानो रोनाल्डो यूरो कप में शानदार परफॉर्मेंस करते हुए शीर्ष स्कोरर रहे और 'गोल्डन बूट' के खिताब से नवाजा गए। रोनाल्डो ने इस टूर्नामेंट में 4 मैच खेले और इस दौरान उन्होंने 5 गोल किए। इसके अलावा उन्होंने एक गोल करवाने में मदद भी की थी। इसी वजह से उन्हें यह अवॉर्ड मिला। वहीं चेक गणराज्य के पैट्रिक स्किक ने भी 5 मैचों में 5 गोल किए, लेकिन उन्होंने टूर्नामेंट में किसी को गोल करने में मदद नहीं की।
विजेता टीम को मिली इतनी रकम
रोनाल्डों के अलावा चेक गणराज्य के पैट्रिक स्किक को 'सिल्वर बूट' अवॉर्ड मिला। उन्होंने 5 मैचों में 5 गोल किए। वहीं करीम बेंजेमा को 'कांस्य बूट' से नवाजा गया। वहीं यूरो कप की पुरस्कार राशि की बात करें तो विजेता टीम इटली को यह खिताब जीतने पर 103.5 करोड़ रुपए मिले। वहीं उपविजेता टीम इंग्लैंड को 72.48 करोड़ रुपए मिले।
Updated on:
12 Jul 2021, 2:52 PM IST
Published on:
12 Jul 2021, 2:47 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.