
FIFA WC 2018: आज फुटबॉल प्रेमियों के लिए है 'सुपर संडे', फीफा रैंकिंग में नंबर 1 और 2 टीमों के होने हैं मुकाबले
नई दिल्ली।फीफा विश्व कप में आज तीन मैच होने हैं। इसमें फीफा में शीर्ष रैंकिंग की दो टीमों के मैच भी शामिल हैं। फीफा में नंबर 1 जर्मनी का मुकाबला आज मेक्सिको से है साथ ही नंबर 2 ब्राजील का मुकाबला स्विट्जरलैंड से है। ब्राजील और स्विट्जरलैंड के साथ ग्रुप-ई में आज कोस्टा रिका का सामना सर्बिया से समारा एरिना में होना है। यह तीनो ही मुकाबले बहुत ही रोचक होने वाले हैं। आज के मैच के बाद लगभग सभी खिताब के दावेदारों के मैच हो जाएंगे।
1. जर्मनी का मुकाबला मेक्सिको से
मौजूदा विजेता जर्मनी फीफा विश्व कप-2018 के अपने पहले मैच में आज ग्रुप-एफ के अपने पहले मुकाबले में मेक्सिको के खिलाफ उतरेगा। जर्मनी ने 2014 में ब्राजील में खेले गए विश्व कप में अर्जेटीना को मात देकर खिताब अपने नाम किया था। चार बार कि विजेता को इस बार भी खिताब की प्रबल दावेदार माना जा रहा है। जर्मनी ने क्वालीफाइंग दौर में शानदार प्रदर्शन करते हुए सभी 10 मैच जीते थे। इन मैचों में उसने सिर्फ 10 गोल खाए थे। उसने पिछले साल कन्फेडेरेशन कप भी अपने नाम किया था। जर्मनी का इस बार भी अंतिम-4 में जाना तय माना जा रहा है और मैक्सिको के खिलाफ उसे जीत का प्रबल दावेदार भी माना जा रहा है। जर्मनी ने कन्फेडेरेशन कप में मेक्सिको को 4-1 से मात दी थी।
2. ब्राजील का मुकाबला स्विट्जरलैंड से
ब्राजील अपने पहले मैच में स्विट्जरलैंड का सामना करेगा। ग्रुप-ई के इस पहले मैच के मुश्किल होने की पूरी उम्मीद है। स्विट्जरलैंड ब्राजील को अच्छी टक्कर देने का माद्दा रखती है। दोस्ताना मैचों में ब्राजील ने अपनी बेहतरीन आक्रामण पंक्ति विलियन, रोबेटरे फिरमिनो, गेब्रिएल जीसस, फिलिप कोटिंहो और नेमार के दम पर क्रोएशिया और आस्ट्रिया को खासा परेशान किया था। पिछले विश्व कप में अपने घर में ब्राजील को सेमीफाइनल में जर्मनी ने 7-1 से करारी शिकस्त दी थी। इसके बाद 2015 तथा 2016 में कोपा अमेरिका में भी टीम का प्रदर्शन निराशाजनक रहा था। इसी कारण कोच डुंगा को जाना पड़ा था और टिटे ने उनका स्थान लिया था। टिटे आक्रामक रणनीति के साथ उतरने वाले कोच हैं। उनके रहते ब्राजील ने क्वालीफाइंग टूर्नामेंट में अर्जेटीना जैसी टीम को 3-0 से मात दी थी और हाल ही में जर्मनी को भी 1-0 से हराया है।
3. कोस्टा रिका का मुकाबला सर्बिया से
फीफा विश्व कप के 21वें संस्करण के ग्रुप-ई के पहले मुकाबले में आज कोस्टा रिका का सामना सर्बिया से समारा एरिना में होगा। दोनों टीमों के नाम एक भी विश्व कप नहीं है। विश्व कप में दोनों टीमों का प्रदर्शन भी निराशाजनक रहा है। अंतिम-16 से आगे जाना दोनों ही टीमों के लिए चुनौती है। फीफा रैंकिंग में 25वें स्थान पर मौजूद कोस्टा रिका कप्तान ब्रायन रूइज और कोच ओस्कर रोमिरेज के मार्गदर्शन में टीम इस बार अपने पिछले प्रदर्शन से आगे बढ़ना चाहेगी। टीम ने कोनकाकैफ विश्व कप क्वालीफायर के मैच में त्रिनिदाद एवं टोबैगो और अमेरिका को हराकर विश्वकप का टिकट हासिल किया था।
Published on:
17 Jun 2018, 3:33 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.