
बेल्जियम ने न्यूजीलैंड को 5-1 से रौंदकर नॉकआउट का टिकट पक्का किया। (Photo - FIFA)
FIFA World Cup 2026 Match Results: फीफा वर्ल्ड कप 2026 के ग्रुप G के आखिरी मैचों के बाद क्वालिफिकेशन की तस्वीर साफ हो गई है। इस ग्रुप से बेल्जियम और मिस्र (Egypt) को सबसे बड़ा फायदा हुआ है और दोनों टीमों ने राउंड ऑफ 32 का टिकट कटा लिया है। दूसरी तरफ, ईरान और न्यूजीलैंड को इस दौर के बाद भारी नुकसान झेलना पड़ा है।
अपने शुरुआती दोनों मैच ड्रॉ खेलने वाली बेल्जियम की टीम ने आखिरी मैच में न्यूजीलैंड को 5-1 से बुरी तरह हरा दिया। बेल्जियम के लिए लिएंड्रो ट्रॉसार्ड ने दो गोल दागे, जबकि केविन डी ब्रूयन, रोमेलु लुकाकू और एलेक्स सालेमेकर्स ने एक-एक गोल किया। न्यूजीलैंड के लिए एकमात्र गोल एलिजा जस्ट ने किया। इस धमाकेदार जीत के साथ बेल्जियम 5 अंक लेकर ग्रुप में टॉप पर रहा और शान से नॉकआउट में पहुंचा। वहीं, न्यूजीलैंड बिना कोई मैच जीते टूर्नामेंट से बाहर हो गया।
ग्रुप के दूसरे मैच में मिस्र और ईरान के बीच 1-1 से ड्रॉ मुकाबला खेला गया। मिस्र के लिए महमूद साबेर ने 5वें मिनट में ही गोल कर दिया था, लेकिन 14वें मिनट में ईरान के रामिन रजाईयान ने गोल कर मैच बराबरी पर ला दिया। इस मैच में असली ड्रामा आखिरी पलों में हुआ। ईरान के शोजा खलीलजादेह ने गोल दागकर जश्न मनाना शुरू कर दिया था, लेकिन VAR रिव्यू के बाद रेफरी ने इसे ऑफसाइड देकर गोल रद्द कर दिया। इसके बाद ईरान का एक और हेडर गोल पोस्ट से टकरा गया।
इस 1-1 के ड्रॉ से मिस्र को फायदा हुआ और वह ग्रुप में दूसरे स्थान पर रहकर पहली बार राउंड ऑफ 32 में पहुंच गया, जहां उसका सामना डलास में ऑस्ट्रेलिया से होगा। वहीं, ईरान को इस ड्रॉ से बड़ा नुकसान हुआ। वह 3 मैचों में 3 ड्रॉ के साथ तीसरे स्थान पर है और अब उसकी किस्मत दूसरी टीमों के नतीजों पर टिकी है।
ईरान की टीम इस वर्ल्ड कप में बेहद कठिन हालातों के बीच खेलने आई थी। देश में चल रहे तनाव के कारण टीम की भागीदारी पर लंबे समय तक खतरा मंडरा रहा था। फीफा ने ईरान के मैचों को मेक्सिको शिफ्ट करने की मांग भी ठुकरा दी थी। ईरानी टीम सिर्फ मैच के दिन ही अमेरिका आ पाती थी और मैच खत्म होते ही उसी रात उन्हें वापस फ्लाइट से लौटना पड़ता था। उनके फेडरेशन अध्यक्ष को तो देश में आने की अनुमति भी नहीं मिली थी। इसके अलावा बेल्जियम के खिलाफ मैच में गोलकीपर थिबो कोर्टुआ ने अपने देश के लिए 18वां वर्ल्ड कप मैच खेलकर एक नया नेशनल रिकॉर्ड भी बनाया।
Updated on:
27 Jun 2026 01:36 pm
Published on:
27 Jun 2026 01:36 pm
बड़ी खबरें
View Allफुटबॉल
खेल
ट्रेंडिंग
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
