
FIFA U17 Women World Cup
नई दिल्ली : भारत में पहली बार फीफा अंडर-17 महिला फुटबॉल विश्व कप (FIFA U17 Women World Cup) विश्व कप होने जा रहा है। मंगलवार इसका कार्यक्रम घोषित कर दिया गया। इस मौके पर केंद्रीय खेल मंत्री किरण रिजीजू, अखिल भारतीय फुटबॉल महासंघ (AIFF) के अध्यक्ष प्रफुल्ल पटेल, फीफा महिला फुटबॉल की मुख्य अधिकारी सराई बेयरमैन और फीफा के युवा टूर्नामेंटों के प्रमुख रॉबटरे ग्रासी मौजूद थे। मैच कार्यक्रमों की घोषणा के साथ टूर्नामेंट का आधिकारिक स्लोगन 'किक ऑफ द ड्रीम' भी लॉन्च किया गया।
2 से 21 नवंबर तक चलेगा टूर्नामेंट
यह टूर्नामेंट दो नवंबर से शुरू होकर 21 नवंबर तक चलेगा। इसका उद्घाटन मैच दो नवंबर को खेला जाएगा, जबकि फाइनल मैच 21 नवंबर को होगा। टूर्नामेंट क्वार्टर फाइनल 12 और 13 नवंबर को होंगे, सेमीफाइनल और तीसरे स्थान के लिए खेला जाने वाला प्लेऑफ मैच क्रमश: 17 और 21 नवंबर को होगा। फीफा अंडर-17 महिला फुटबॉल विश्व कप देश के पांच शहर अहमदाबाद, भुवनेश्वर, गुवाहाटी, कोलकाता और नवी मुंबई में होगा। इस टूर्नामेंट में 16 टीमों के बीच कुल 32 मैच खेले जाएंगे।
भारतीय टीम के विश्व कप खेलने पर रिजीजू ने जताई खुशी
इस मौके पर खेल मंत्री किरण रिजिजू ने भारतीय अंडर-19 महिला फुटबॉल टीम के विश्व कप में शिरकत करने पर खुशी जताई। रिजीजू ने कहा कि उन्हें यह बताते हुए खुशी हो रही है कि देश के पांच शहर विश्व कप की मेजबानी करेंगे। वह इसकी शानदार कामयाबी के लिए देशवासियों से समर्थन की अपील करते हैं। उन्होंने कहा कि भारतीय अंडर-17 महिला टीम पहली बार फीफा टूर्नामेंट में खेल रही है। यह पूरे देश के लिए गर्व की बात है। वह यह सुनिश्चित करने का प्रयास करेंगे कि उन्हें हर संभव सहयोग मिले।
प्रफुल्ल पटेल ने बताया अहम पल
एआईएफएफ के अध्यक्ष और स्थानीय आयोजन समिति के प्रमुख प्रफुल्ल पटेल ने कहा कि टूर्नामेंट के मैचों की घोषणा अहम पल है। अब हम जानते हैं कि कौन-सा मैच किस शहर में होगा। कुल कितने मैच खेले जाएंगे। अब प्रशंसक इस टूर्नामेंट के लिए अपनी तैयारियां शुरू कर सकते हैं। इस मौके पर फीफा महिला फुटबॉल की मुख्य अधिकारी सराई बेयरमैन ने कहा कि फीफा अंडर-17 महिला विश्व कप-2020 के मैचों का कार्यक्रम, मेजबान शहर और आधिकारिक नारे की घोषणा न सिर्फ भारत के लिए, बल्कि दुनिया भर के फुटबॉल प्रेमियों के लिए खास पल है।
Updated on:
19 Feb 2020, 1:54 PM IST
Published on:
19 Feb 2020, 1:43 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.