फुटबॉल

Asian games 2023: भारतीय फुटबॉल टीम ने बांग्लादेश को 1-0 से हराया, सुनील छेत्री ने आखिरी मिनट पर दागा गोल

एशियाई खेल 2023 में भारतीय फुटबॉल टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए बांग्लादेश फुटबॉल टीम के खिलाफ मुकाबला 1-0 से जीत लिया है। चीन के खिलाफ पहले मुकाबले में भारतीय टीम को 1-5 से करारी हार झेलनी पड़ी थी। बांग्लादेश के खिलाफ मैच का एकमात्र गोल टीम के कप्तान सुनील छेत्री ने 85वें मिनट में किया।

1 minute read

India vs Bangladesh footbal Asian games 2023: चीन के हांगझाऊ में खेले जा रहे 19वें एशियन गेम्स में भारतीय फुटबॉल टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए बांग्लादेश को 1-0 से हरा दिया है। पहले मुक़ाबले में चीन के खिलाफ करारी हार के बाद भारत ने गुरुवार को कप्तान सुनील छेत्री के 85वें मिनट में पेनल्टी पर किए गए गोल की मदद से बांग्लादेश पर रोमांचक जीत हासिल की। साथ ही टीम ने अगले राउंड में क्वालिफिकेशन की उम्मीदें अब भी कायम रखीं।

इस जीत ने भारत को ग्रुप ए में दो मैचों में तीन अंकों के साथ तीसरे स्थान पर पहुंचा दिया। शीर्ष दो टीमों के साथ-साथ छह सर्वश्रेष्ठ तीसरे स्थान वाली टीमों में से चार टीमें 16वें राउंड के लिए क्वालीफाई करेंगी। भारत ने खेल की तेज शुरुआत की लेकिन पहले हाफ में भारत की कड़ी मेहनत रंग नहीं लाई। टीम ने तीन अच्छे शॉट लिए, जिसमें छेत्री और राहुल केपी के प्रयास शामिल थे लेकिन सफल नहीं हुए। हाफ टाइम तक स्कोर 0-0 रहा।

दूसरे हाफ में टीम ने आक्रमक खेल दिखाया। मगर बांग्लादेश की टीम ने भी मजबूत डिफेंस का प्रदर्शन किया। मैच शुरु होने के 84 मिनट बीत जाने के बाद भी दोनों टीमों की ओर से एक भी गोल नहीं किया गया था। ऐसा लगा कि मैच का अंजाम ड्रॉ की ओर जा रहा था, लेकिन 85वें मिनट के खेल में सुनील छेत्री ने गोल दागकर मुकाबले को भारत की झोली में डाल दिया।

चीन के खिलाफ पहले मुकाबले में भारतीय टीम को 1-5 से करारी हार झेलनी पड़ी थी। चीन की ओर से गाओ, दाई वाईजू और हाओ फेंग ने 1-1 गोल किए थे और इनके अलावा ताओ ने 2 गोल दागे थे। भारत की ओर से इकलौता गोल राहुल केपी ने किया था। पहले मुकाबले में टीम की तैयारी अच्छे से नहीं हो पाई थी।

Published on:
21 Sept 2023 05:42 pm
Also Read
View All

अगली खबर