8 फ़रवरी 2026,

रविवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

SAFF Championship 2023: सुनील छेत्री की हैट्रिक, भारत ने पाकिस्तान को 4-0 से रौंदा

भारत के लिए सुनील छेत्री ने 10वें मिनट और फिर 16वें मिनट में गोल किया। दूसरे हाफ में सुनील छेत्री ने 74वें मिनट में गोल करके हैट्रिक पूरी की। वहीं उनके अलावा उदान्ता सिंह ने 81वें मिनट में गोल किया। पाकिस्तान की टीम मैच में एक भी गोल नहीं कर सकी।

2 min read
Google source verification
ind_vs_pak_football.png

India vs Pakistan SAFF Championship 2023: सैफ चैंपयनशिप 2023 के 14वें संस्करण का दूसरा मुक़ाबला भारत और पाकिस्तान के बीच खेला गया। बैंगलोर के श्री कांतीरवा स्टेडियम में खेले गए इस हाईवोल्टेज मैच में भारत ने कप्तान सुनील छेत्री के बेहतरीन प्रदर्शन की मदद से पाकिस्तान को 4-0 से रौंदा है। छेत्री ने एक के बाद एक तीन गोल दागकर हैट्रिक लगाई और पाकिस्तानी टीम को बुरी तरह हरा दिया।

सितंबर 2018 के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच यह पहला फुटबॉल मैच खेला गया। पांच साल पहले भारत ने पड़ोसी देश को सैफ टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में 3-1 से हराया था। भारत के लिए सुनील छेत्री ने 10वें मिनट और फिर 16वें मिनट में गोल किया। दूसरे हाफ में सुनील छेत्री ने 74वें मिनट में गोल करके हैट्रिक पूरी की। वहीं उनके अलावा उदान्ता सिंह ने 81वें मिनट में गोल किया। पाकिस्तान की टीम मैच में एक भी गोल नहीं कर सकी।

भारतीय टीम ने शुरू से ही पाकिस्तान पर दबाव बनाए रखा। उसने पहले हाफ में ही दो गोल कर दिए। हाफटाइम तक स्कोर भारत के पक्ष में 2-0 रहा। टीम इंडिया इतने पर नहीं रुकी। उसने दूसरे हाफ में शुरुआत से ही दबाव बनाए रखा और पाकिस्तानी खिलाड़ियों को छकाया। 74वें मिनट में छेत्री ने पेनल्टी को नहीं गंवाया। उन्होंने एक और गोल कर अपनी हैट्रिक पूरी कर ली। इसी के साथ छेत्री सबसे ज्याद अंतरराष्ट्रीय गोल मारने वाले एशियाई खिलाड़ी बन गए हैं।

इससे पहले कुवैत ने सैफ फुटबॉल चैम्पियनशिप के पहले मैच में बुधवार को नेपाल को 3-1 से हराया। पहली बार सैफ चैम्पियनशिप में भाग ले रहे कुवैत ने शुरूआती मिनट से ही दबदबा बनाये रखा। दूसरी ओर नेपाल की टीम जवाबी हमले करने में नाकाम रही। श्री कांतीरवा स्टेडियम पर खेले गये मुकाबले में खालिद अल-इब्राहीम (23वां मिनट), शबीब अल खालिदी (41वां मिनट) और मोहम्मद अब्दुल्लाह दहाम (65वां मिनट) ने विजेता टीम के गोल किये। नेपाल का सांत्वना गोल अंजन बिस्ता ने 68वें मिनट में किया।