
UEFA champions League semi-finals Manchester City vs Real Madrid: यूएफा चैंपियंस लीग में 18 मई को मौजूदा चैंपियन रियाल मैड्रिड और मैनचेस्टर सिटी के बीच दूसरे चरण का सेमीफाइनल मैच खेला जाएगा। पहले चरण में दोनों टीमें 1-1 से बराबरी पर रही थी। इंग्लैंड के पूर्व खिलाड़ी मार्क सीग्रेव्स ने पत्रिका से खास बातचीत करते हुए कहा कि इस हाईप्रोफाइल मैच में जो टीम शुरुआत से बेखौफ और आक्रामक होकर खेलेंगी, उसे फायदा मिलेगा।
सवाल- रियाल मैड्रिड के खिलाफ मैनचेस्टर सिटी दूसरे चरण का मैच अपने घरेलू मैदान पर खेलेगा, क्या इसका उसे कुछ फायदा मिलेगा?
जवाब- घरेलू दर्शकों के सामने खेलने से मनोबल बढ़ता है। लेकिन मेरा मानना है कि दोनों टीमों के लिए ये ओपन गेम है। हालांकि मैनचेस्टर सिटी घरेलू मैदान पर खेलने का फायदा जरूर उठाना चाहेगा और यहां उसका रेकॉर्ड काफी दमदार है। लेकिन जिस तरह से पहले चरण के मुकाबले में दोनों ही टीमों के बीच जबरदस्त टक्कर देखने को मिली और मुकाबला 1-1 से ड्रॉ रहा। ऐसे में यह निर्णायक गेम है और दोनों ही टीमें पूरे दमखम से मैदान पर उतरेंगी। ऐसे में किसी को प्रबल दावेदार कहना बहुत मुश्किल है।|
सवाल : इस हाईप्रोफाइल मैच में दोनों टीमें किस रणनीति के साथ मैदान पर उतर सकती हैं।
जवाब : पहले चरण में दोनों टीमों के बीच उच्च-स्तरीय फुटबॉल देखने को मिली। मेरा मानना है कि दोनों टीमें आक्रामक रणनीति अपनाएंगी और शुरुआत से ही बढ़त कायम करने की कोशिश करेगी। दोनों टीमों के पास शानदार खिलाड़ी हैं, जो किसी भी पल गोल करने की क्षमता रखते हैं। इसमें कोई दो राय नहीं है कि ये एक बेहद रोमांचक मुकाबला होगा।
सवाल: पहले चरण में रियाल मैड्रिड इर्लिंग हॉलैंड को रोकने में सफल रहा, अब उसकी क्या योजना होगी?
जवाब- हॉलैंड जिस तरह के खिलाड़ी हैं, उन्हें गोल करने से ज्यादा देर रोकना बेहद मुश्किल होगा। वे शानदार फॉर्म में चल रहे हैं और अपने लिए गोल करने के मौके ढूंढ ही लेते हैं। उन्हें रोकने के लिए रियाल मैड्रिड के डिफेंस को काफी मेहनत करनी होगी।
आमने-सामने :
05 : पिछले यूएफा चैंपियंस लीग मैचों में मैनचेस्टर सिटी एक हारा रियाल मैड्रिड से
03 : मुकाबले इस दौरान मैनचेस्टर सिटी की टीम ने जीते और एक ड्रॉ रहा
25 : मैचों से मैनचेस्टर सिटी यूएफा चैंपियंस लीग में घरेलू मैदान पर अजेय है
23 : मुकाबले इस दौरान मैनचेस्टर सिटी ने जीते और दो ड्रॉ खेले
सवाल : रियाल मैड्रिड ला लीगा में दूसरे स्थान पर रहकर खिताब से चूक गया। ऐसे में उस पर कितना दवाब होगा?
जवाब : ला लीगा में रियाल मैड्रिड दूसरे स्थान पर रहा और इससे उसे काफी निराशा हुई होगी। लेकिन टीम चैंपियंस लीग में मौजूदा चैंपियन हैं और अब वो हर हाल में अपने खिताब को बचाना चाहेगा। टीम पर दवाब तो होगा लेकिन वो इससे पार पाना जानते हैं। हम जानते हैं कि उनके पास विश्व स्तरीय कोच, कप्तान और खिलाड़ी हैं। वे किसी भी टीम को शिकस्त दे सकते हैं।
सवाल : पहले चरण में दोनों टीमों ने क्या-क्या गलतियां की?
जवाब : मैनचेस्टर सिटी की समस्या यह रही कि वे गोल करने के ज्यादा मौके नहीं बना सकी और शायद वे हॉलैंड पर ज्यादा निर्भर रहे। उनके कप्तान इल्के गुडोगन भी काफी खामोश रहे। वास्तव में पहले चरण का पारंपरिक मैच जैसा रहा, जहां दोनों टीमें एक-दूसरे का दमखम मापती हुई दिखी। लेकिन अब मुकाबला काफी रोमांचक और कांटे का होगा।
Published on:
17 May 2023 12:12 pm
बड़ी खबरें
View Allफुटबॉल
खेल
ट्रेंडिंग
